
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ऐशबाग स्टेडियम स्थित जर्जर जनता क्वार्टर को हटाने की मुहिम शुक्रवार सुबह पूरी हो गई। हाईकोर्ट से स्थगन आदेश हटते ही प्रशासनिक अमले ने शेष बचे अंतिम मकान को भी बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया। इसके साथ ही परिसर के सभी 600 क्वार्टर पूरी तरह साफ हो गए हैं। इससे पहले 23 नवंबर को चले अभियान में 599 क्वार्टर गिराए जा चुके थे, लेकिन क्वार्टर नंबर 465 पर अदालत की मोहलत होने के कारण कार्रवाई रुकी हुई थी।
प्रशासनिक जांच में खुलासा हुआ कि याचिकाकर्ता के पास केवल क्वार्टर नंबर 465 का ही वैध आवंटन था, लेकिन उसने तीन अन्य फ्लैट्स पर भी अवैध कब्जा जमा रखा था। कोर्ट से स्टे हटने के बाद अमले ने आवास खाली कराया।
हालांकि, फरियादी द्वारा समय मांगने पर अदालत ने उसे नया ठिकाना तलाशने के लिए 7 दिन की मोहलत दी है। इस दौरान प्रशासन उसके रैन बसेरे में ठहरने का इंतजाम करेगा और अन्य पात्र प्रभावितों की तरह कलेक्टर रेट पर करीब 1405 रुपये मासिक किराया भत्ता भी देगा।
यह भी पढ़ें- एमपी में अपनी कक्षा के 'लायक' नहीं हैं सरकारी स्कूलों के 80% विद्यार्थी, नीति आयोग की रिपोर्ट में खुलासा
क्वार्टर हटने के बाद अब जमीन के रकबे को लेकर नया पेंच फंस गया है। डिजिटल सर्वे में 5.73 एकड़ के बजाय मौके पर महज चार एकड़ जमीन ही मिली है। 1.73 एकड़ जमीन के इस अंतर पर हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि परिसर के चारों ओर पहले से सड़कें मौजूद हैं, इसलिए अतिक्रमण की आशंका कम है। वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए पुराना रिकार्ड खंगालने के साथ ही नए सिरे से जमीन का सर्वे कराया जाएगा।