भोपाल जेल के टॉयलेट में जेलर ने महिला प्रहरी से किया रेप, बीपी बढ़ने का बहाना बनाकर थाने पहुंची पीड़िता; FIR दर्ज
सूत्रों के अनुसार, करीब दो महीने पहले महिला प्रहरी जेल में तंबाकू के चार पैकेट ले जाते पकड़ी गई थी। कार्रवाई जेलर मग्नू सिंह मरावी ने ही की थी, जिसके बाद महिला को निलंबित कर दिया गया था। इस मामले में विभागीय जांच चल रही है और जेलर मरावी जांच में गवाह की भूमिका में हैं।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 10:38:08 AM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 10:38:08 AM (IST)
भोपाल केंद्रीय जेल के प्रशासनिक जेलर मग्नू सिंह मरावी पर FIRHighLights
- भोपाल केंद्रीय जेल के प्रशासनिक जेलर मग्नू सिंह मरावी पर FIR
- 58 वर्षीय महिला प्रहरी ने टॉयलेट में दुष्कर्म करने का लगाया आरोप
- पुलिस सीसीटीवी फुटेज और ड्यूटी चार्ट की जांच कर रही है
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल केंद्रीय जेल के प्रशासनिक जेलर मग्नू सिंह मरावी के खिलाफ गांधीनगर पुलिस ने दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। आरोप है कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे उन्होंने जेल में पदस्थ एक 58 वर्षीय महिला प्रहरी से ड्यूटी के दौरान अश्लील बातें कीं और फिर उसे अपने साथ टॉयलेट में ले जाकर दुष्कर्म किया।
वहीं जब महिला ने विरोध किया तो आरोपित जेलर ने उसे जान से मारने की धमकी दी। महिला प्रहरी ने बताया कि वह रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात जेलर मरावी से हुई।
बीपी बढ़ने का बहाना बनाकर पहुंची थाने
घटना के बाद महिला प्रहरी ने खुद को अस्वस्थ बताते हुए ब्लड प्रेशर बढ़ने का हवाला दिया और ड्यूटी से घर जाने की अनुमति ली। जेल परिसर से बाहर निकलने के बाद वह घर जाने के बजाय सीधे गांधीनगर थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला के विस्तृत बयान दर्ज किए, उनकी वीडियोग्राफी कराई और मेडिकल परीक्षण कराया है। हालांकि पुलिस ने अब तक आरोपित जेलर को गिरफ्तार नहीं किया है और न ही उनके खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई हुई।
सीसीटीवी फुटेज और ड्यूटी चार्ट खंगाल रही पुलिस
शिकायत के बाद पुलिस टीम केंद्रीय जेल पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जेल प्रबंधन से ड्यूटी चार्ट भी मांगा गया है। पुलिस के अनुसार घटना के समय आसपास अन्य कर्मचारी भी ड्यूटी पर थे, लेकिन अभी तक किसी कर्मचारी ने घटना की जानकारी से इनकार किया है।
अगस्त 2024 से भोपाल जेल में पदस्थ हैं मरावी
मग्नू सिंह मरावी इससे पहले उमरिया जिला जेल में उप जेल अधीक्षक के पद पर पदस्थ थे। अगस्त 2024 से भोपाल सेंट्रल जेल में कार्यरत हैं। शनिवार दोपहर स्पेशल जेल एडीजी जी. अखेतो सेमा भी केंद्रीय जेल पहुंचे और अधिकारियों के साथ मामले को लेकर बैठक की। जेल प्रशासन ने फिलहाल विभागीय कार्रवाई नहीं की है और अपने स्तर पर भी जांच की बात कही है।
चार अधिकारियों के खिलाफ पहले भी शिकायतें
महिला प्रहरी वर्ष 2004 से भोपाल सेंट्रल जेल में पदस्थ है। सूत्रों के अनुसार वह पूर्व में जेल के चार अधिकारियों के खिलाफ छेड़छाड़ और दुष्कर्म की शिकायतें दर्ज करा चुकी है। इन शिकायतों को लेकर जेल परिसर में पहले भी विवाद की स्थिति बनी थी। मौजूदा मामले में अब महिला का पुराने शिकायत रिकार्ड भी सामने आया है।
जेल में तंबाकू के साथ पकड़ी गई थी महिला प्रहरी
जिस जेलर पर आरोप है उन्होंने ही दो महीने पहले इसी महिला प्रहरी को तंबाकू के पैकेट के साथ पकड़ा था। जेल सूत्रों के अनुसार, करीब दो महीने पहले महिला प्रहरी जेल में तंबाकू के चार पैकेट ले जाते पकड़ी गई थी। कार्रवाई जेलर मग्नू सिंह मरावी ने ही की थी, जिसके बाद महिला को निलंबित कर दिया गया था। इस मामले में विभागीय जांच चल रही है और जेलर मरावी जांच में गवाह की भूमिका में हैं।
महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है।- आदर्शकांत शुक्ला, डीसीपी जोन-4
जेल परिसर में इस तरह की घटना को लेकर विभागीय स्तर पर भी जांच की जा रही है। फिलहाल कार्रवाई नहीं की गई है।- मानेंद्र सिंह परिहार, केंद्रीय जेल अधीक्षक