नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। परी बाजार, ईदगाह हिल्स स्थित दिव्यांग व विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के शासकीय विद्यालय का जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुनीत अग्रवाल ने औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सहायता अधिकारी मुहम्मद जीलानी भी मौजूद रहे। उन्होंने बच्चों से सीधे बातचीत कर पढ़ाई, भोजन, शिक्षकों की उपलब्धता, रहने की व्यवस्था और अन्य समस्याओं की जानकारी ली।
बच्चों ने की मारपीट की शिकायत
निरीक्षण के दौरान बच्चों ने विद्यालय में मारपीट किए जाने की शिकायत भी की। इसे गंभीरता से लेते हुए सचिव ने शाहजहानाबाद थाना पुलिस को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की सुरक्षा और गरिमा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की हिंसा या दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
खराब भोजन और गंदे गद्दे
बच्चों ने भोजन, सब्जी और चाय की गुणवत्ता खराब होने की शिकायत की। इसके बाद विद्यालय की रसोई का निरीक्षण किया गया। प्राचार्य को बच्चों को निर्धारित मापदंड के अनुसार पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा रसोई की नियमित सफाई के निर्देश दिए गए।
बच्चों ने खराब गद्दे, चादरें और रहने की उचित व्यवस्था नहीं होने की समस्या भी बताई। विद्यालय परिसर और कक्षों की साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।
विशेष शिक्षकों की व्यवस्था के निर्देश
बच्चों की शैक्षणिक जरूरतों को देखते हुए पर्याप्त और प्रशिक्षित विशेष शिक्षकों की उपलब्धता पर भी जानकारी ली गई। सचिव ने भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में सामने आई व्यवस्थाओं और कमियों के संबंध में सामाजिक न्याय व दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग से तथ्यात्मक प्रतिवेदन भी मांगा गया है।