भोपाल के ऐशबाग में 600 में से 599 मकान गिराए, आखिरी बचे मकान को 7 दिन की मोहलत
मामला जनता क्वार्टर निवासी मोहम्मद हाफिज खान के मकान नंबर 465 से जुड़ा है। उन्होंने हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम की ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की थी।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 11:49:45 AM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 11:57:48 AM (IST)
फाइल फोटो।HighLights
- जनता क्वार्टर के 600 में से 599 मकान ध्वस्त, एक मकान शेष
- हाई कोर्ट से याचिकाकर्ता को रैन बसेरा में सात दिन रहने की अनुमति
- 167 वर्गफीट मकान के लिए 1400 रुपये मासिक किराया तय
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल/ जबलपुर। भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में जर्जर आवासों के ध्वस्तीकरण के बीच हाई कोर्ट ने एकमात्र शेष मकान के याचिकाकर्ता को सात दिन तक रैन बसेरा में रहने की अनुमति दी है। जस्टिस विशाल मिश्रा की एकलपीठ ने कलेक्टर द्वारा तय 1400 रुपये प्रतिमाह किराया देने के निर्देश के साथ याचिका का निराकरण कर दिया।
मकान नंबर 465 का मामला
मामला जनता क्वार्टर निवासी मोहम्मद हाफिज खान के मकान नंबर 465 से जुड़ा है। उन्होंने हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम की ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की थी। याचिकाकर्ता का कहना था कि वैकल्पिक आवास के लिए प्रस्तावित 1200 से 1500 रुपये मासिक किराया मौजूदा बाजार दरों के लिहाज से पर्याप्त नहीं है।
सुनवाई में हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम ने बताया कि वर्ष 1986 में बने आवास जर्जर हो चुके हैं और उनमें रहना लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा है। योजना के तहत 600 जनता क्वार्टर बनाए गए थे। इनमें 110 ही पात्र आवंटियों को दिए जा सके, जबकि बाकी पर अतिक्रमण था। वर्ष 2016 से ध्वस्तीकरण के नोटिस जारी हो रहे थे।
यह भी पढ़ें- 8 साल नोटिस देता रहा निगम, अब जाकर ऐशबाग में तोड़े 599 जर्जर मकान, शहर में अब भी 2700 खतरे बरकरार
1400 रुपये प्रतिमाह किराया तय
बुधवार को शासन ने बताया कि कुल 600 में से 599 मकान ध्वस्त किए जा चुके हैं और याचिकाकर्ता का मकान ही शेष है। कलेक्टर ने 167 वर्गफीट क्षेत्रफल वाले इस मकान के लिए 1400 रुपये प्रतिमाह किराया तय किया है।
एकलपीठ ने 7 दिन तक रेन बसेरा में रहने की अनुमति देते हुए किराया भुगतान के निर्देश दिए और याचिका का निराकरण कर दिया।