भोपाल रेल यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव: शनिवार से मालवा और सोमनाथ एक्सप्रेस भोपाल स्टेशन की जगह निशातपुरा में रुकेंगी
दोनों ट्रेनें संत हिरदाराम नगर-निशातपुरा कार्ड लाइन से संचालित होंगी और भोपाल स्टेशन को बायपास करेंगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 25 Sep 2026 09:01:50 PM (IST)Updated Date: Fri, 25 Sep 2026 09:01:50 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- 26 सितंबर से मालवा और सोमनाथ एक्सप्रेस के ठहराव में बदलाव
- भोपाल स्टेशन की जगह निशातपुरा स्टेशन पर रुकेंगी दोनों ट्रेनें
- दोनों ट्रेनें संत हिरदाराम नगर-निशातपुरा कार्ड लाइन से चलेंगी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । राजधानी के रेल यात्रियों के लिए 26 सितंबर यानि शनिवार से अहम बदलाव होने जा रहा है। मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ एक्सप्रेस का ठहराव अब भोपाल स्टेशन की बजाय निशातपुरा स्टेशन पर होगा।
दोनों ट्रेनें संत हिरदाराम नगर-निशातपुरा कार्ड लाइन से संचालित होंगी और भोपाल स्टेशन को बायपास करेंगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निशातपुरा में इन ट्रेनों का नया ठहराव तय किया है।
इन ट्रेनों का बदलेगा ठहराव
- गाड़ी संख्या 12919 मालवा एक्सप्रेस निशातपुरा पर शाम 5:20 बजे पहुंचेगी और 5:30 बजे रवाना होगी। वापसी में 12920 मालवा एक्सप्रेस सुबह 7:25 बजे पहुंचेगी और 7:35 बजे रवाना होगी। दोनों ट्रेनें प्रतिदिन संचालित होती हैं।
- 11465 जबलपुर-वेरावल सोमनाथ एक्सप्रेस निशातपुरा पर सुबह 6:40 बजे पहुंचेगी और 6:45 बजे रवाना होगी। वापसी में 11466 सोमनाथ एक्सप्रेस रात 8:10 बजे पहुंचेगी और 8:15 बजे रवाना होगी। सोमनाथ एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन संचालित होती है।
इन क्षेत्रों के यात्रियों को मिलेगा फायदा
निशातपुरा में ठहराव मिलने से निशातपुरा, करोंद और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को इन ट्रेनों के लिए भोपाल स्टेशन तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे स्थानीय यात्रियों का समय और आने-जाने का खर्च बचेगा।
साथ ही भोपाल स्टेशन पर ट्रेनों और यात्रियों का दबाव कुछ कम होने की संभावना है। संत हिरदाराम नगर और निशातपुरा के बीच कार्ड लाइन के इस्तेमाल से इन ट्रेनों को भोपाल स्टेशन में प्रवेश किए बिना आगे निकाला जा सकेगा।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि 26 सितंबर से यात्रा करने से पहले अपने ट्रेन के नए ठहराव और समय की जानकारी जरूर जांच लें। विशेष रूप से जिन यात्रियों की टिकट भोपाल स्टेशन के आधार पर यात्रा की योजना थी, उन्हें अब निशातपुरा स्टेशन से संबंधित नई व्यवस्था का ध्यान रखना होगा।