भोपाल: खाली जमीनों पर कब्जे और मलबे के रास्ते होंगे बंद, फेंसिंग कर पौधरोपण करेगा निगम
सरकारी खाली जमीनों पर अतिक्रमण और मलबा फेंकने से रोकने के लिए नगर निगम उन्हें सुरक्षित कर उद्यान के रूप में विकसित करेगा।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 02:14:09 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 02:14:09 PM (IST)
नगर निगम कार्यालय, भोपाल।HighLights
- सरकारी खाली जमीनों पर अतिक्रमण और मलबा फेंकने से रोक
- नगर निगम उन्हें सुरक्षित कर उद्यान के रूप में विकसित करेगा
- बिड़ला मंदिर के पास प्रसाद की दुकानें सड़क से पीछे शिफ्ट होंगी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । शहर की खाली सरकारी जमीनों पर मलबा फेंकने और अतिक्रमण की आशंका को देखते हुए नगर निगम अब ऐसी जगहों को सुरक्षित कर उद्यान के रूप में विकसित करेगा। निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने शनिवार सुबह विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जमीनों की फेसिंग, समतलीकरण और पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। साथ ही गंदगी और सीवेज की समस्या पर तत्काल सफाई कराने को कहा।
खाली जमीन पर होगी फेंसिंग
उन्होंने तुलसी नगर में 99वीं लाइन के पीछे स्थित खाली जमीन को फेंसिंग कर सुरक्षित करने और वहां पौधे लगाकर छोटा उद्यान विकसित करने के निर्देश दिए। सरस्वती नगर में शिव मंदिर के पास खुली भूमि पर मलबा डाले जाने की शिकायत मिली थी। इस स्थल को भी सुरक्षित कर सुंदरीकरण कराने को कहा गया।
बिड़ला मंदिर के पास से हटेंगी दुकानें
अर्जुन नगर मल्टी परिसर में कचरे के ढेर हटाने, सीवेज चैंबर और नालियों की बेहतर सफाई के लिए टीम लगाने तथा बाउंड्रीवाल के बाहर पेविंग ब्लाक लगाने के निर्देश दिए। बिड़ला मंदिर के पास प्रसाद की दुकानों को सड़क से पीछे शिफ्ट करने और वहां पौधरोपण कराने को कहा हैं।
बोर्ड ऑफिस के सामने नालियों की सफाई और कंडम ठेले-गुमठियां हटाने, विधानसभा मार्ग और गांधी चौराहे से पिपलानी तक सुंदरीकरण कार्य की योजना पर भी अधिकारियों से जानकारी ली।