MP का नया सरकारी जेट भोपाल उतरा: वॉइस-कंट्रोल केबिन से लैस, 45 दिन की प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद भरेगा उड़ान
मध्य प्रदेश सरकार का बॉम्बार्डियर चैलेंजर 3500 कनाडा के टोरंटो से भोपाल के स्टेट हैंगर पहुंचा। मई 2021 में पुराना सरकारी विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर क्ष...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 21 Oct 2026 08:03:34 AM (IST)Updated Date: Wed, 21 Oct 2026 08:03:34 AM (IST)
विमान बाम्बार्डियर चैलेंजर 3500। फाइल फोटोHighLights
- पांच साल बाद भोपाल पहुंचा नया जेट
- उड़ानों के लिए करना होगा 45 दिन इंतजार
- आधुनिक सुविधाओं से लैस है विमान
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। पांच साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मध्य प्रदेश सरकार का नया स्टेट जेट प्लेन आ गया है। मंगलवार को दशहरा के दिन नया शासकीय विमान बाम्बार्डियर चैलेंजर 3500 टोरंटो (कनाडा) से लंबी दूरी तय कर भोपाल के स्टेट हैंगर पहुंच गया है।
हालांकि, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और अन्य वीआईपी इसमें उड़ान नहीं भर सकेंगे। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) से अनिवार्य मंजूरियां, भारतीय पंजीयन, तकनीकी परीक्षण और कस्टम्स क्लियरेंस जैसी प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा करने में करीब 45 दिन का समय और लगेगा।
कनाडा की प्रमुख विमान निर्माता कंपनी बाम्बार्डियर का यह चैलेंजर 3500 एक मिड-साइज लग्जरी बिजनेस जेट है। इस विमान की कई अनोखी खूबियां हैं जो इसे बेहद खास बनाती हैं।
वायस-कंट्रोल केबिन
केबिन के भीतर की लाइट, इन-फ्लाइट एंटरटेनमेंट सिस्टम और इनडोर तापमान को यात्री अपनी आवाज (कमांड) से नियंत्रित कर सकते हैं। इसमें यात्रियों के बेहद आराम के लिए विशेष पेटेंटेड 'नुआज' सीटें, वायरलेस चार्जिंग पैड और बड़ी 24 इंच की 4के स्क्रीन दी गई है। यह जेट बिना रुके 6,297 किलोमीटर तक की नान-स्टाप हवाई यात्रा कर सकता है।
कम होगा उड़ान का खर्च
उल्लेखनीय है कि मई 2021 में कोरोना काल के दौरान मध्य प्रदेश सरकार का पुराना विमान (बीचक्राफ्ट किंग एयर बी-250) ग्वालियर एयरपोर्ट पर एक बड़े हादसे का शिकार होकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। तब से लेकर अब तक मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी के दौरों के लिए महंगे चार्टर्ड विमानों और हेलीकॉप्टरों को किराए पर लिया जा रहा था, जिस पर हर महीने करोड़ों रुपये खर्च हो रहे थे।
नागरिक उड्डयन विभाग का अनुमान है कि इस नए सरकारी विमान के नियमित रूप से शुरू हो जाने के बाद राज्य सरकार का मासिक हवाई यात्रा खर्च घटकर एक-तिहाई रह जाएगा।
इसके अलावा राज्य सरकार नया हेलीकॉप्टर भी क्रय कर रही जो जल्द ही राज्य के विमान बेड़े में शामिल होगा। वर्तमान में राज्य सरकार के पास केवल एक हेलीकॉप्टर है।