मध्य प्रदेश में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर आए धमकी भरे कॉल, जांच के लिए बनाई एसआईटी
मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारियों का मानना है कि जांच से यह स्पष्ट हो सकेगा कि धमकियों के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या अलग-अलग आरोपी गैंग का नाम इ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 27 Mar 2026 12:02:51 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Mar 2026 12:09:31 PM (IST)
HighLights
- प्रदेश भर में धमकियों के छह मामलों की जांच करेगी विशेष टीम
- अशोक नगर, इंदौर, खरगोन और भोपाल में दर्ज हुई हैं शिकायतें
- भोपाल में 20 मार्च को ज्वैलर गौरव जैन से 10 करोड़ की मांग की गई
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में कारोबारियों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मिल रही धमकियों की जांच के लिए राज्य पुलिस मुख्यालय ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। नौ सदस्यीय एसआईटी रेल पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढ़ा के नेतृत्व में प्रदेश के अशोकनगर, इंदौर, खरगोन और भोपाल के कुल छह थानों में दर्ज मामलों की संयुक्त जांच करेगी।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने एसआईटी में एसटीएफ और एटीएस के अधिकारियों को शामिल किया है, ताकि तकनीकी और संगठित अपराध से जुड़े पहलुओं की गहराई से जांच की जा सके। जिन थानों में पहले से जांच चल रही थी, उनके विवेचक भी एसआईटी का हिस्सा रहेंगे। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस समन्वित जांच से यह स्पष्ट हो सकेगा कि धमकियों के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या अलग-अलग आरोपी गैंग का नाम इस्तेमाल कर रहे हैं।
इन मामलों की जांच होगी
- भोपाल में 20 मार्च को ज्वैलर गौरव जैन से 10 करोड़ की मांग की गई। 'हैरी बाक्सर' बनकर दो बार वॉट्सएप काल किए गए। रकम न देने पर “बाबा सिद्दीकी जैसा हाल” करने की धमकी दी गई।
- इंदौर में 19 मार्च को रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन से 15 करोड़ की रंगदारी मांगी गई।
- महू में 13 फरवरी को अस्पताल संचालक को 5 करोड़ की धमकी दी गई।
- खरगोन को 19 मार्च को भीलगांव के कपास कारोबारी दिलीप राठौर के घर के बाहर फायरिंग की। उसके बाद उसका वीडियो भेजकर, वायस नोट के जरिए 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।
- अशोकनगर में 12 फरवरी को कारोबारी अंकित अग्रवाल से वायस नोट के जरिए 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रकम नहीं देने पर परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई। मामले में पुलिस ने तीन-चार मार्च की रात मनीष पिता कैलाश जांगिड नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया था। यह जयपुर का रहने वाला है और कारोबारी के घर पर पेट्रोल बम फेंकने आया था। अभी इंदौर क्राइम ब्रांच और भोपाल पुलिस भी इससे पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें : इंदौर पुलिस का 'लॉरेंस बिश्नोई गैंग' पर शिकंजा... शूटर हैरी के खिलाफ लेगी CBI की मदद, जारी होगा लुकआउट सर्कुलर