
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। कारोबारियों से फिरौती मांगने वाले शूटर हैरी बॉक्सर के लिए पुलिस सीबीआई की मदद लेगी। उसके विरुद्ध लुकआउट सर्कुलर जारी किया जाएगा। हैरी को क्राइम ब्रांच ने कॉलेज संचालक से फिरौती मांगने पर नामजद कर दिया है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, अपोलो डीबी सिटी (निपानिया) निवासी रंजन मित्तल को कॉल कर धमकाने और रुपयों की मांग करने पर मनीष जांगिड़ (जयपुर) को गिरफ्तार किया गया है।
मनीष ने आरोपित दीपक सुतार (बीकानेर), पवन शर्मा (भिंड), प्रदीप शुक्ला (आगरा), ऋतिक बॉक्सर (जयपुर) और हैरी बॉक्सर का नाम बताया था। पुलिस ने सभी को आरोपित बनाया है। दीपक और पवन अशोक नगर पुलिस की गिरफ्त में हैं। प्रदीप की गिरफ्तारी पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित है। ऋतिक बॉक्सर अजमेर की जेल में बंद है। पुलिस सभी को रिमांड पर लेगी। हैरी बॉक्सर विदेश में बैठा हुआ है और उसके विरुद्ध प्रकरणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
मध्य प्रदेश में किशनगंज, तुकोगंज, अशोकनगर और भोपाल में हैरी के खिलाफ केस दर्ज हो चुके हैं। पुलिस अब हैरी के विरुद्ध लुकआउट सर्कुलर जारी करेगी। उधर, पुलिस ने गुरुवार को पुनः मनीष को जिला कोर्ट में पेश कर एक दिन का रिमांड मांग लिया है। मनीष ने हैरी और ऋतिक से मिले निर्देश और इंदौर में हमला करना स्वीकारा है। आरोपित हैरी और ऋतिक से सिग्नल एप के माध्यम से बात करता था।
यह भी पढ़ें- इंदौर मर्डर मिस्ट्री: 'जल्दी आ, सबक सिखाना है' - पिता के एक फोन पर बेटे ने पड़ोसी इंजीनियर को कार से रौंदा