
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में गोवंश में लंपी स्किन डिजीज जैसे लक्षण मिलने से गोसेवकों में चिंता बढ़ गई है। गो सम्मान आह्वान अभियान के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार को ज्ञापन सौंपकर पुराने भोपाल के आसपास दो क्वारेंटाइन सेंटर बनाने की मांग की।
गोसेवकों ने चेतावनी दी कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो संक्रमण पूरे शहर में फैल सकता है। इससे गोवंश को परेशानी होगी और प्रशासन के सामने भी बड़ी चुनौती खड़ी हो जाएगी।
गोसेवक सरमन बाथम और जय सिंह ठाकुर ने कमिश्नर को बताया कि संक्रमित गोवंश को स्वस्थ पशुओं से अलग रखना और समय पर इलाज जरूरी है। इसके लिए दो क्वारेंटाइन सेंटर बनाने के साथ बीमार गोवंश को वहां पहुंचाने के लिए विशेष वाहन उपलब्ध कराया जाए।
साथ ही सेंटरों पर पशु चिकित्सकों की तैनाती, दवाइयों और नियमित देखरेख की व्यवस्था करने को कहा गया। स्वस्थ गोवंश को संक्रमण से बचाने के लिए व्यापक टीकाकरण अभियान चलाने की भी मांग की गई। इस दौरान पवन गुर्जर, दिनेश माली सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- भोपाल में 600 जर्जर मकान तोड़ने की कार्रवाई टली, पुलिस बल की कमी बनी वजह, इस दिन चल सकता है बुलडोजर
गोसेवकों की बात सुनने के बाद कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को बुलाया और अब तक क्वारेंटाइन सेंटर नहीं बनाए जाने और पशु चिकित्सकों की तैनाती नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया और जल्द क्वारेंटाइन सेंटर बनाने व पशु चिकित्सक नियुक्त करने की बात कही।