
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में न्यायिक हिरासत में भेजी गईं पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे अधिवक्ता समर्थ सिंह की सुरक्षा को लेकर केंद्रीय जेल प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। दोनों की निगरानी के लिए एक दर्जन से अधिक प्रहरी तैनात किए गए हैं, वहीं उनकी बैरकों के आसपास अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
प्रारंभिक दिनों में विशेष निगरानी में रखे गए समर्थ सिंह को शुक्रवार शाम को सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। हालांकि उनकी सुरक्षा में कोई कमी नहीं की गई है। सामान्य वार्ड में समर्थ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पांच प्रहरियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा वार्ड में नए सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं, ताकि हर गतिविधि की निगरानी की जा सके।
वहीं महिला बैरक में निरुद्ध पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह की सुरक्षा के लिए सात महिला प्रहरियों को तैनात किया गया है। महिला बैरक के बाहर और आसपास अतिरिक्त कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मदद से चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, गिरिबाला सिंह ने अपने न्यायिक कार्यकाल के दौरान कई चर्चित मामलों में फैसले सुनाए थे। ऐसे करीब 60 दोष सिद्ध कैदियों में से 29 वर्तमान में इसी जेल में बंद हैं। इनमें कुछ ऐसे बंदी भी शामिल हैं जिन्हें गिरिबाला सिंह ने सजा सुनाई थी।
यह भी पढ़ें- रेलवे ओवरब्रिज से पटरी पर गिरी NEET की छात्रा, काफी देर तक तड़पती रही पुलिसकर्मी की बेटी, लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
इसी वजह से जेल प्रबंधन उन बंदियों की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रख रहा है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन ने संबंधित बैरकों की निगरानी बढ़ाने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है।