
नवदुनिया प्रतिनिधि, गुना। शहर कोतवाली थानाक्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवती बीजी रोड रेलवे ओवरब्रिज से गिर गई। बताया गया है कि वह आरोन थाने में पदस्थ एक आरक्षक की बेटी है, जो लंबे समय से नीट की तैयारी कर रही थी। युवती को जिला अस्पताल लाया गया, जिसके बाद स्वजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए। यहां उसकी गंभीर हालत के चलते भोपाल रेफर कर दिया गया है। पुलिस युवती के ब्रिज से गिरने के कारणों का पता लगा रही है।
जानकारी के अनुसार युवती के पुल से पटरी पर गिरने के समय पटरी पर एक ट्रेन भी खड़ी हुई थी। वहीं दूसरी पटरी से एक इंजन भी गुजर रहा था, जो लोको पायलट ने रोककर खड़ा कर दिया। युवती काफी देर तक पटरी पर ही तड़पती रही। बाद में आसपास मौजूद लोगों ने उसे ऑटो से अस्पताल भेजा।
शहर कोतवाली टीआइ राजकुमार शर्मा ने बताया कि युवती के पुल से पटरी पर गिरने की सूचना पर तुरंत पुलिस बल मौके पर भेजा गया। युवती को रीढ़ की हड्डी में चोट आई हैं, वह कुछ बोल भी नहीं रही है। वह पुल से गिरी या कूदी इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल युवती को उच्च उपचार के लिए स्वजन गुना से भोपाल ले गए हैं। युवती के स्वस्थ होने के बाद ही पूरा मामला साफ हो सकेगा। इधर, युवती के स्वजन व मित्रों से मिली जानकारी के अनुसार युवती कुछ दिनों से कोचिंग भी नहीं गई थी।
यह भी पढ़ें- भोपाल रेल मंडल की चेतावनी, फर्जी रेलवे भर्ती विज्ञापनों से रहें सावधान, नौकरी के नाम पर भी ठगी से बचने की अपील
युवती के पुल से नीचे गिरकर पटरी पर तड़पने के दौरान कुछ लोग एकत्रित हुए। पहले तो लोग कुछ समझ ही नहीं पाए कि आखिर युवती कौन है और पटरी पर कैसे आई। इस बीच युवती की पहचान के भी आसपास के लोगों ने प्रयास किए। लेकिन काफी देर हो जाने और युवती को तड़पता देख आखिरकार मौके पर मौजूद लोगों ने ही मदद की और ऑटो बुलाकर उसे किसी तरह अस्पताल पहुंचाया।