
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नजीराबाद थाना क्षेत्र के सुथला गांव में दो साल पुरानी खूनी रंजिश में चार भाइयों ने मिलकर 55 वर्षीय किसान की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपितों ने खेत में सिंचाई के लिए बेटे के साथ जा रहे किसान को रास्ते में घेर लिया और कुल्हाड़ी व डंडों से हमला कर दिया।
हमले के दौरान पिता-पुत्र अलग-अलग दिशाओं में भागे। बेटा किसी तरह जान बचाकर घर पहुंच गया, जबकि पिता का शव गांव के बाहर नाले में मिला। पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, धुल सिंह पिता गंगाराम का पूर्व सरपंच गणपत सिंह गुर्जर के परिवार से सरकारी जमीन को लेकर करीब दो साल से विवाद चल रहा था। वर्ष 2024 में इसी रंजिश में धुल सिंह के परिवार के सदस्यों ने गणपत सिंह के परिवार के दो सगे भाइयों रंगलाल और उसके भाई की हत्या कर दी थी। इस मामले में धुल सिंह के परिवार के 16 सदस्य जेल में बंद हैं। आरोपित पक्ष पुराने मामले में राजीनामा करने का दबाव भी बना रहा था।
बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे धुल सिंह अपने बेटे जसवंत के साथ खेत जा रहे थे। तभी हरिनारायण, बलराम, राजू और रवि गुर्जर ने उन्हें घेरकर हमला कर दिया। जसवंत भागकर घर पहुंचा। पिता के नहीं लौटने पर स्वजनों ने तलाश की तो उनका शव गांव के बाहर नाले में मिला। शरीर पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमले के गंभीर निशान थे।
यह भी पढ़ें- भोपाल में मांस, मुर्गा और मछली की बिक्री पर बैन, लाइसेंस रद करने की भी चेतावनी, निगम का आदेश जारी
पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने अपने दो भाइयों की हत्या का बदला लेने के लिए यह वारदात की। चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया है।