
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। छोला मंदिर इलाके में ट्रैक्टर ट्राली रिवर्स करते समय छह साल की बच्ची चपेट में आ गई। पहिए ऊपर से गुजरने पर उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया है।
छोला मंदिर थाना प्रभारी सरस्वती तिवारी के मुताबिक, अनामिका कार पिता महेश कार यहां तेज गोल्डन परिसर में परिवार के साथ रहती थी। महेश इस निर्माणाधीन भवन में काम करते हैं। शनिवार सुबह ट्रैक्टर ट्राली रेत डालने के लिए आई थी। रेत डालने के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली रिवर्स कर रहा था, तभी पास खेल रही अनामिका उसकी चपेट में आ गई।
चीख-पुकार की आवाज सुनकर परिजन व अन्य साथी तुरंत उसे लेकर हमीदिया अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव बरामद कर पीएम के लिए भिजवाया। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, बैरसिया इलाके के सोनकच्छ मंदिर के पास एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से पीछे से टकरा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में सुधरेगी जलप्रदाय व्यवस्था! 6.31 करोड़ की लागत से बनेगी नई टंकी और बिछेगी 22 किमी लंबी पाइपलाइन
बैरसिया थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी ने बताया कि 21 वर्षीय आयुष ओझा सूरजपोल थाना नरसिंहगढ़ में रहता था। वह मंडीदीप में प्राइवेट जॉब करता था। 20-21 नवंबर की देर करीब 12 बजे आयुष बाइक से मंडीदीप से अपने घर जा रहा था। वह अभी सोनकच्छ मंदिर के पास पहुंचा। तभी सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से टकरा गया।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बैरसिया अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली के मालिक ने लापरवाही पूर्वक उसे सड़क किनारे खड़ा किया था, इस मामले की जांच जारी है।