
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पश्चिमी इंदौर के रहवासियों को जल्द ही बेहतर जलप्रदाय व्यवस्था की सुविधा मिलने जा रही है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने नवीन हवा बंगला पानी की टंकी एवं वितरण नेटवर्क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। 6.31 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस टंकी की क्षमता 35 लाख लीटर होगी। इसके साथ ही 22 किमी लंबी नई जल वितरण पाइपलाइन भी बिछाई जाएगी।
परियोजना से तीन वार्डों की विभिन्न कॉलोनियों के 4,496 घरेलू नल कनेक्शनों को लाभ मिलेगा। भूमिपूजन कार्यक्रम में जलकार्य प्रभारी एवं एमआईसी सदस्य अभिषेक शर्मा (बबलू), स्थानीय पार्षद शानू शर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
महापौर ने इस अवसर पर कहा कि नगर के प्रत्येक नागरिक तक पर्याप्त और नियमित पानी पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। इसी दिशा में नर्मदा के चौथे चरण का काम तेजी से किया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद शहर में वर्तमान जलप्रदाय क्षमता दोगुनी हो जाएगी। भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शहर में नई पानी की टंकियों का निर्माण और पाइपलाइन नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है, ताकि जलस्रोत से लेकर घरों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत हो सके।
महापौर ने नागरिकों से जल संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी बनाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सामान्यतः हर साल अच्छी बारिश होती है, लेकिन इस वर्ष कम वर्षा के कारण आने वाले समय में जलसंकट की स्थिति बन सकती है। ऐसे में पानी का अनावश्यक उपयोग रोकना और छोटी-छोटी आदतों के माध्यम से जल बचाना जरूरी है। जल संरक्षण केवल वर्तमान की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से भी जुड़ा विषय है।
यह भी पढ़ें- एमपी के 55 लाख स्कूली बच्चों की यूनिफॉर्म की राशि अटकी, भोपाल समेत 13 जिलों में काम शून्य, वजह आई सामने