
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। करोंद चौराहे पर हनुमान मंदिर के सामने शनिवार शाम तेज रफ्तार कांक्रीट ट्रक ने पैदल जा रहे दिव्यांग मजदूर को टक्कर मार दी। हादसे में उसका दायां कान पूरी तरह कट गया, जबकि दायां हाथ टूट गया। गंभीर हालत में उसे हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया है। घायल की एक आंख से पहले से दृष्टि नहीं है।
पुलिस के अनुसार हादसा शाम करीब सात बजे हुआ। विदिशा जिले के सिरोंज निवासी रामसिंह अहिरवार करोंद चौराहे पर पैदल जा रहा था। इसी दौरान भानपुर की ओर से जेल रोड की तरफ जा रहे कांक्रीट ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रामसिंह सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें- रीवा सड़क हादसा मामले में हाई कोर्ट ने कहा - एजेंट ने प्रीमियम हड़पा फिर भी बीमा कंपनी को देना होगा क्लेम
राहगीरों ने उसे तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हमीदिया रेफर कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में ट्रक एनएचएआइ के निर्माण कार्य में लगी एजेंसी का बताया जा रहा है। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के कारणों और चालक की लापरवाही की जांच की जा रही है।