ट्रेन का सफर होगा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक, भोपाल कोच कारखाने में खर्च होंगे ₹3.12 करोड़, लगेंगे नए उपकरण
दो साल में होने वाले इस काम के तहत एसी और नान-एसी डिब्बों में नए बैटरी चार्जर, एग्जास्ट ब्लोअर, बैटरी चार्जिंग साकेट और चार्जर की स्थिति बताने वाले इंडिकेशन बोर्ड लगाए जाएंगे।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 06:20:27 PM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 06:20:27 PM (IST)
भोपाल वर्कशॉप में 24 महीने में होगा कायाकल्प। (AI Generated Image)HighLights
- ट्रेनों के एलएचबी कोचों की सुधरेगी बिजली व्यवस्था
- भोपाल वर्कशॉप में 24 महीने में होगा कायाकल्प
- एसी और नॉन-एसी डिब्बों में दुरुस्त होगा सिस्टम
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ट्रेनों के एलएचबी कोचों की बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए भोपाल के कोच मरम्मत कारखाने में 3.12 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। दो साल में होने वाले इस काम के तहत एसी और नान-एसी डिब्बों में नए बैटरी चार्जर, एग्जास्ट ब्लोअर, बैटरी चार्जिंग साकेट और चार्जर की स्थिति बताने वाले इंडिकेशन बोर्ड लगाए जाएंगे।
यह काम डिब्बों की नियमित मरम्मत के दौरान होगा। इससे बिजली से जुड़े उपकरणों की स्थिति की निगरानी आसान होगी और बैटरी व आपातकालीन बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी। इस पूरे काम को 24 महीने में पूरा करने की समय सीमा तय की गई है।
इस तरह के काम होंगे
- नान-एसी कोचों में बैटरी चार्जिंग साकेट और सुरक्षा बाक्स लगेंगे: इस काम पर करीब 99.27 लाख रुपये खर्च होंगे। कोचों में बैटरी चार्जिंग टर्मिनल साकेट के साथ इमरजेंसी फीड टर्मिनल बाक्स और फ्यूज बाक्स लगाए जाएंगे। उपकरण लगाने के बाद उनकी जांच भी की जाएगी, ताकि वे सही तरीके से काम करें।
- नान-एसी कोचों में लगेंगे एग्जास्ट ब्लोअर: इसके लिए करीब 81.49 लाख रुपए निर्धारित किए गए हैं। कोचों में डबल इनलेट सेंट्रीफ्यूगल ब्लोअर लगाए जाएंगे। ये हवा को बाहर निकालने में मदद करते हैं।
- एसी कोचों में लगेंगे बैटरी चार्जर की स्थिति बताने वाले बोर्ड: इस काम पर करीब 20.66 लाख रुपये खर्च होंगे। एसी कोचों के स्विच बोर्ड कैबिनेट में 4.5 किलोवाट क्षमता वाले बैटरी चार्जर का इंडिकेशन बोर्ड लगाया जाएगा। इससे कर्मचारियों को चार्जर की स्थिति की जानकारी लेने में मदद मिलेगी।
नान-एसी कोचों के एलवी पैनल में लगेंगे इंडिकेशन बोर्ड: इसके लिए करीब 57.37 लाख रुपये रखे गए हैं। कोचों के एलवी पैनल में 4.5 किलोवाट बैटरी चार्जर की स्थिति बताने वाला बोर्ड लगाया जाएगा। इससे संबंधित कर्मचारियों को चार्जर की स्थिति समझने में आसानी होगी।
एसी कोचों में लगेंगे नए बैटरी चार्जर: इस काम पर करीब 41.61 लाख रुपए खर्च होंगे। एसी कोचों के निचले हिस्से में 4.5 किलोवाट क्षमता वाले अंडर-स्लंग, कांस्टेंट वोल्टेज रेगुलेटेड कम इमरजेंसी बैटरी चार्जर लगाए जाएंगे। ये कोच की बैटरी चार्जिंग और आपातकालीन बिजली व्यवस्था से जुड़े होंगे।
नॉन-एसी कोचों में भी लगेंगे नए बैटरी चार्जर: इसके लिए करीब 11.92 लाख रुपए निर्धारित किए गए हैं। नान-एसी कोचों में भी 4.5 किलोवाट क्षमता वाले अंडर-स्लंग, कांस्टेंट वोल्टेज रेगुलेटेड कम इमरजेंसी बैटरी चार्जर लगाए जाएंगे। यह भी पढ़ें- भोपाल सहित कई शहरों के यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, 26 और 27 अक्टूबर को 4 मेमू ट्रेनें निरस्त, कई ट्रेनों के रूट में बदलाव