नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 10 अक्टूबर को नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास भारी ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों को निरस्त करने का निर्णय लिया है।
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर पश्चिम मध्य रेल की ओर से जारी सूचना के अनुसार, जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली प्रमुख ट्रेनों के साथ भोपाल होकर संचालित राजधानी एक्सप्रेस और रानी कमलापति से चलने वाली शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस का परिचालन भी प्रभावित होगा।
रेलवे की सूचना के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को अपने प्रारंभिक स्टेशन से रवाना होने वाली मुंबई–हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस सहित जबलपुर से चलने वाली तीन ट्रेनें निरस्त रहेंगी। वहीं, रानी कमलापति–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस भी 9 अक्टूबर को नहीं चलेगी। कोटा–हजरत निजामुद्दीन जनशताब्दी को 10 अक्टूबर के लिए निरस्त किया गया है।
ये ट्रेनें रहेंगी निरस्त
9 अक्टूबर को निरस्त ट्रेनें
- 22221 मुंबई–हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस: परिचालन संबंधी कारणों से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से निरस्त।
- 22181 जबलपुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस: जबलपुर से रवाना नहीं होगी।
- 12189 जबलपुर–हजरत निजामुद्दीन महाकौशल एक्सप्रेस: जबलपुर से निरस्त।
- 12121 जबलपुर–हजरत निजामुद्दीन एमपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस: जबलपुर से निरस्त।
- 12155 रानी कमलापति–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस (शान-ए-भोपाल): 9 अक्टूबर को निर्धारित समय पर रवाना नहीं होगी।
10 अक्टूबर को निरस्त ट्रेन
- 12059 कोटा–हजरत निजामुद्दीन जनशताब्दी एक्सप्रेस: कोटा जंक्शन से 10 अक्टूबर को रवाना नहीं होगी।
दिल्ली पहुंचने वाली ट्रेनों पर असर
रेलवे बोर्ड के निर्देश के मुताबिक, 9 अक्टूबर को दोपहर दो बजे के बाद प्रारंभिक स्टेशन से चलकर 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन को लेकर निर्णय लिया गया है।
दिल्ली में संभावित यातायात दबाव के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है, ताकि यात्रियों को होने वाली असुविधा कम की जा सके।