
डिजिटल डेस्क, भोपाल। त्योहारों के मौसम में यदि आप भी दीवाली और छठ पूजा पर ट्रेन से घर जाने की योजना बना रहे हैं, तो तुरंत अपनी टिकट बुक करा लें। अंतिम समय का इंतजार करना आपकी यात्रा बिगाड़ सकता है। इस साल 8 नवंबर को दीपावली और 15 नवंबर को छठ महापर्व मनाया जाएगा।
भोपाल रेल मंडल से दिल्ली, मुंबई और उत्तर प्रदेश (विशेषकर लखनऊ-कानपुर) की ओर जाने वाली अधिकांश प्रमुख गाड़ियों में 5 नवंबर से ही लंबी वेटिंग लिस्ट दर्ज की जा रही है। कई ट्रेनों में सीटें खत्म होने के कारण 'रिग्रेट' की स्थिति बन गई है। हालांकि, यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि दिवाली के दिन कुछ ट्रेनों में जगह खाली है। इसके अलावा राजधानी, शताब्दी और वंदे भारत जैसी प्रीमियम और सेमी-हाई-स्पीड ट्रेनों में भी टिकट उपलब्ध हैं।
फेस्टिव सीजन के कारण भोपाल से गुजरने वाले प्रमुख मार्गों पर रिमोट लोकेशन वेटिंग लिस्ट (RLWL) और सामान्य वेटिंग काफी बढ़ गई है। जिन ट्रेनों में रिग्रेट का स्टेटस आ चुका है, वहां के यात्री अब बस सेवा या हवाई यात्रा जैसे वैकल्पिक माध्यमों का सहारा ले रहे हैं।
भोपाल से लखनऊ और कानपुर की दिशा में जाने वाली लगभग सभी ट्रेनों में 5 नवंबर के बाद से भारी भीड़ है। पुष्पक एक्सप्रेस, भोपाल-प्रतापगढ़ सुपरफास्ट और डॉ. आंबेडकर नगर-कामाख्या एक्सप्रेस के सेकेंड एसी तथा स्लीपर श्रेणी में रिग्रेट दर्ज हो चुका है।
राजधानी भोपाल से दिल्ली की ओर रुख करने वाली ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग लिस्ट शुरू हो चुकी है। समता एक्सप्रेस, रानी कमलापति-निजामुद्दीन सुपरफास्ट और जबलपुर-निजामुद्दीन एक्सप्रेस में यात्रियों का काफी दबाव है। हालांकि, दीपावली के दिन दिल्ली मार्ग पर कुछ सामान्य सीटें उपलब्ध हैं।
मुंबई जाने वाले यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। 5 नवंबर से छठ पूजा तक तुलसी एक्सप्रेस में जगह नहीं है। पंजाब मेल में दिवाली वाले दिन तो सीटें उपलब्ध हैं, लेकिन आगे-पीछे के दिनों में वेटिंग चल रही है। पुष्पक एक्सप्रेस में भी बेहद सीमित सीटें बची हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ को रेलवे का बड़ा तोहफा, एलटीटी-सांतरागाछी के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन, प्रदेश के कई जिलों को होगा फायदा
दीपावली और छठ पर्व पर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने इटारसी स्टेशन के रास्ते 5 जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इसमें एलटीटी (LTT)-मऊ स्पेशल, पुणे-गोरखपुर स्पेशल, एलटीटी-गोरखपुर स्पेशल, पुणे-गाजीपुर सिटी स्पेशल, एलटीटी-बनारस स्पेशल शामिल है।
इनमें से कुछ गाड़ियां रोजाना और कुछ सप्ताह में दो दिन संचालित की जाएंगी। यह विशेष रेल सेवा अक्टूबर से नवंबर के दौरान निर्धारित तिथियों पर उपलब्ध रहेगी। इससे भोपाल मंडल और आसपास के यात्रियों को इटारसी पहुंचकर अपने गंतव्य के लिए अतिरिक्त ट्रेन सुविधा मिल सकेगी।