
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में ट्रांसजेंडर अब सरकारी खर्च पर लिंग परिवर्तन करा सकेंगे। ट्रांसजेंडर की सहायता के लिए जिला स्तर पर मेडिकल बोर्ड बनाए जाएंगे। प्रत्येक जिला अस्पताल में लिंग परिवर्तन सर्जरी के लिए परामर्श, उपचार और सलाह दी जाएगी। ट्रांसजेंडर अगर लिंग परिवर्तन ऑपरेशन का विकल्प चुनना चाहता है, तो उन्हें उचित राशि दी जाएगी।
सरकारी अस्पतालों में निशुल्क लिंग परिवर्तन सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होगी। मध्य प्रदेश स्वास्थ्य विभाग ने राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग की एडवाइजरी पर प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेज के डीन तथा जिलों के सीएमएचओ एवं सिविल सर्जनों को निर्देश जारी कर कहा है कि ट्रांसजेंडरों की सहायता के लिए जिला स्तर पर मेडिकल बोर्ड स्थापित करें तथा प्रत्येक जिला अस्पताल में लिंग परिवर्तन सर्जरी के लिए परामर्श, उपचार, सलाह दी जाए। इस सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए भी कहा गया है।