
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मॉडल और अभिनेत्री त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में मंगलवार को भोपाल की न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम श्रेणी) आरती आर्या की अदालत में सुनवाई हुई। इस दौरान सीबीआइ ने न्यायालय से आरोपित सेवानिवृत्त जिला जज गिरिबाला सिंह और उनके अधिवक्ता बेटे समर्थ सिंह का वॉयस सैंपल लेने की अनुमति मांगी। इस दौरान एजेंसी ने न्यायालय से समर्थ के लैपटॉप का पासवर्ड दिलाने का भी आग्रह किया।
पीड़ित पक्ष के अधिवक्ता अनुराग श्रीवास्तव के अनुसार, सीबीआइ ने न्यायालय को बताया कि समर्थ सिंह का लैपटॉप अब तक नहीं खुल पाया है, जिसके कारण डिजिटल साक्ष्यों की जांच पूरी नहीं हो सकी है। जानकारी दी गई कि जांच के दौरान एजेंसी को कुछ महत्वपूर्ण ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मिली हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच के लिए गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह के आवाज के नमूने आवश्यक हैं। इसके अलावा दिल्ली एम्स से दोबारा कराए गए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट भी अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। इन सभी कारणों से सीबीआइ ने जांच पूरी होने तक न्यायिक हिरासत बढ़ाने का अनुरोध किया, जिसे न्यायालय ने स्वीकार कर लिया।
न्यायालय ने दोनों आरोपितों की न्यायिक हिरासत की अवधि 14 दिन के लिए बढ़ा दी। अब दोनों को 14 जुलाई को न्यायालय के सामने पेश किया जाएगा। वॉयस सैंपल और लैपटॉप का पासवर्ड दिलाने के लिए सीबीआइ के आवेदन पर सुनवाई तीन जुलाई को होगी।
पेशी के दौरान आरोपित गिरिबाला सिंह ने पिछले दिनों उनके घर में हुई चोरी का मामला उठाया। उनका कहना था कि घर में कौन सी चीज कहां रखी है, इसकी जानकारी केवल तीन लोगों को थी। पहला पुलिस, दूसरा सीबीआइ और तीसरा ऐसा व्यक्ति है, जिसका नाम न्यायालय में लेना उचित नहीं। उनका कहना था कि चोरों को उनके और उनके बेटे के कमरे तथा लॉकर की सटीक जानकारी कैसे मिली? सीबीआइ के अधिवक्ता ने इस पर आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना था कि चोरी की घटना की जांच पुलिस अपने स्तर पर कर रही है और इसका त्विषा शर्मा मौत मामले की जांच से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में 21 साल बाद सड़कों पर लौटेंगी सरकारी बसें... बंद होने की इनसाइड स्टोरी और सरकार का नया प्लान
ग्रेटर नोएडा निवासी त्विषा शर्मा की शादी भोपाल की सेवानिवृत्त जिला जज गिरिबाला सिंह के बेटे समर्थ सिंह से हुई थी। 12 मई को त्विषा की कटारा हिल्स उसकी ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। भोपाल पुलिस की शुरुआती जांच पर सवाल उठाते हुए त्विषा के माता-पिता और अन्य स्वजन ने भोपाल से दिल्ली तक प्रदर्शन किया। उसके बाद मध्य प्रदेश सरकार ने इसकी जांच सीबीआइ से कराने का निर्णय लिया। सीबीआइ ने समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया। दो जून से दोनों आरोपित भोपाल केंद्रीय जेल में बंद हैं।