
प्रशांत व्यास, नईदुनिया, भोपाल। बहुचर्चित त्विषा शर्मा मौत मामले में पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के जेल पहुंचने के बाद अब तक जांच एजेंसियों के सामने आए तथ्यों को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जिन्होंने इस पूरे प्रकरण को और अधिक रहस्यमय बना दिया है। त्विषा की निजी डायरी, उसके सपने, मानसिक स्थिति, समर्थ से उसका संपर्क, वैवाहिक जीवन और मौत से पहले की गतिविधियों से लेकर एजेंसियां हर पहलू की बारीकी से पूछताछ और जांच कर रही हैं।
जांच के दौरान कटाराहिल्स पुलिस को त्विषा के पास से दो डायरियां मिली हैं। इनमें से एक निजी डायरी में उसने अपने सपनों और भावनाओं को दर्ज किया था। त्विषा ‘मेनिफेस्टेशन’ यानी कल्पना के माध्यम से अपने भविष्य को आकार देने की अवधारणा में विश्वास रखती थी। डायरी में त्विषा ने लिखा है कि वह एक सफल अभिनेत्री बन चुकी है, उसके पोस्टर हर जगह लगे हैं और वह बड़े पर्दे की लोकप्रिय कलाकार है। स्वजन भी पहले यह बता चुके हैं कि उसका सपना फिल्मी दुनिया में पहचान बनाने का था। दूसरी डायरी में उसके पेशेवर जीवन से जुड़ी बातें लिखी हैं, जिसमें नौकरी और करियर संबंधी योजनाओं का उल्लेख मिला है।
जांच एजेंसियों के समक्ष समर्थ सिंह ने अपने और त्विषा के रिश्ते की शुरुआत का जिक्र करते हुए बताया - "करीब डेढ़ साल पहले मैं एक केस के सिलसिले में दिल्ली गया था। उस समय मेरे फोन में हिंज एप था। आसपास के क्षेत्र में उसी एप पर सक्रिय होने के कारण वहां मेरा संपर्क त्विषा से हुआ। शुरुआत में सामान्य बातचीत हुई, लेकिन दिल्ली से लौटने के बाद भी हम लगातार संपर्क में रहे। कुछ समय बाद हमने इंदौर में मिलने का निर्णय लिया।"
समर्थ के अनुसार, त्विषा ने बताया था कि उसका भाई सेना में है और महू में प्रशिक्षण ले रहा है। उसी दौरान वह इंदौर आने वाली थी और वहीं दोनों की पहली मुलाकात हुई। "बाद में मैंने एक मैट्रिमोनियल साइट पर भी उसकी प्रोफाइल देखी। इसके बाद शादी को लेकर बातचीत आगे बढ़ी। अगले महीने दिल्ली जाकर मैं उसके स्वजनों से मिला और फिर विवाह की प्रक्रिया शुरू हुई," समर्थ ने एजेंसियों को बताया।
समर्थ ने पूछताछ में दावा किया कि शादी के बाद "हमने साथ में एक जिम ज्वाइन किया था, लेकिन प्रेग्नेंसी के बाद उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा। उसने जिम जाना बंद कर दिया और घर पर ही योग करने लगी। पांच मई को उसने मुझसे कहा था कि वह यह सब नहीं सह सकती, रसोइयों से खाना बनवाना, सामान्य गृहिणी की तरह रहना और बच्चा पैदा करना।"
समर्थ के अनुसार, चिकित्सकों ने नशे के दुष्प्रभावों को लेकर चेतावनी दी थी कि उसका असर गर्भस्थ शिशु पर पड़ सकता है। "छह मई को डॉक्टर से मिलने के बाद उसने गर्भपात की दवा ली थी, लेकिन अगले ही दिन उसे पछतावा होने लगा। उसने मुझसे कहा था कि अम्मा को इस बारे में फिलहाल न बताया जाए," समर्थ ने बयान में कहा।
घटना वाले दिन की जानकारी देते हुए समर्थ ने कटाराहिल्स पुलिस को बताया - "सुबह मैं जिम गया था जबकि त्विषा ने घर पर योग किया। अम्मा कोर्ट चली गई थीं और मैं भी अपने काम से निकल गया था। दोपहर बाद त्विषा पार्लर गई और शाम करीब छह बजे लौटी। मैं पहले ही घर आ चुका था और ईको पार्क टहलने चला गया था। कुछ देर बाद वह भी वहां पहुंची, लेकिन हमारी मुलाकात नहीं हुई। शाम करीब सात बजे एक ही पार्क से हम दोनों अलग-अलग रास्तों से घर लौटे।
रात आठ बजे के आसपास हम तीनों ने साथ बैठकर भोजन किया। उसके बाद कुछ देर टीवी देखा। वह सामान्य और रिलैक्स दिखाई दे रही थी। नौ बजे के बाद सभी अपने-अपने कमरों में चले गए।" समर्थ ने बताया कि बाद में त्विषा की मां का फोन आया था। उसे ढूंढते हुए जब छत पर गया तो वह फंदे पर लटकी मिली। "शव देखकर हमने नौकर प्रमोद झारिया और मेरे मौसेरे भाई स्वराज को बुलाया था," उसने एजेंसियों को बताया।
घटना के बाद फरारी को लेकर समर्थ ने स्वीकार किया, उसने बताया कि वह भोपाल से सीहोर गया था और परिचितों के यहां तीन दिन रुका। इसके बाद जबलपुर और फिर पन्ना गया। बाद में जबलपुर कोर्ट में जांच एजेंसियों ने गिरफ्तार कर लिया।
सास गिरिबाला सिंह ने भी एजेंसियों के सामने अपने संबंधों को लेकर सफाई दी। "मेरे और त्विषा के संबंध सामान्य थे। वह अक्सर मुझे पेंटिंग करने के लिए प्रोत्साहित करती थी। उसने 12 मई को मेरे लिए एक ड्राइंग किट ऑर्डर की थी। दुर्भाग्य से उसकी मौत के बाद 15 मई को वह पार्सल घर पहुंचा। 30 मई को मदर्स डे पर समर्थ ने मुझे शुभकामनाएं दी थीं। मैंने उसे जवाब में लिखा था कि तुम दोनों हमेशा खुश रहो। मुझे नहीं लगा था कि कुछ ही दिनों बाद ऐसा दुखद घटनाक्रम सामने आएगा," उन्होंने एजेंसियों से कहा।
यह भी पढ़ें- Twisha Sharma मामले में जांच ने पकड़ी रफ्तार, फोरेंसिक विशेषज्ञों की सीबीआई टीम भोपाल पहुंची