भोपाल: रानी कमलापति स्टेशन पर मोबाइल और नकदी चुराने वाले 2 चोर गिरफ्तार; 3.91 लाख के 8 मोबाइल बरामद
रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल, नकदी और पर्स चोरी करने के आरोप में जीआरपी ने रीवा निवासी योग सिंह तोमर (50) और सीहोर निवासी अजय कर (24) को गिरफ्तार किया।
Publish Date: Wed, 28 Oct 2026 10:46:22 AM (IST)Updated Date: Wed, 28 Oct 2026 11:00:10 AM (IST)
जीआरपी ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। सौ- विभागHighLights
- जीआरपी ने दो चोरों को गिरफ्तार किया
- बदमाशों ने स्टेशन पर चोरी करना स्वीकार किया
- 3.91 लाख रुपये के 8 मोबाइल बरामद किए
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ट्रेन में सफर के दौरान या स्टेशन पर सोते समय जरा सी लापरवाही यात्रियों को भारी पड़ सकती है। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल, नकदी और पर्स चोरी करने वाले दो आरोपितों को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने स्टेशन पर चोरी की चार वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। इसके अलावा, उनसे पहले की चोरी के मामलों से जुड़े मोबाइल भी बरामद किए गए हैं।
दोनों के कब्जे से कुल आठ मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 3.91 लाख रुपये है और 3000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद यात्रियों के लिए जरूरी है कि वे ट्रेन में चढ़ते-उतरते समय, प्लेटफार्म पर सोते हुए और ओवरब्रिज पर बैठने के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।
जेब से नकदी, पर्स और मोबाइल किए चोरी
पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने ट्रेन में चढ़ते समय यात्री की जेब से 8,000 रुपये चुराए। ओवरब्रिज पर सो रहे यात्रियों के आईफोन, रियलमी और अन्य मोबाइल चोरी किए। एक महिला का पर्स भी चुराया, जिसमें दो मोबाइल, क्रेडिट कार्ड और 5,000 रुपये नकद रखे थे।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से पकड़ा
रेल पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देश पर जीआरपी रानी कमलापति थाना प्रभारी अमित शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से योग सिंह तोमर (50), निवासी रीवा और अजय कर (24), निवासी सीहोर, को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर पांच मामलों से जुड़े आठ मोबाइल और तीन हजार रुपये नकद बरामद किए। मोबाइलों की कुल कीमत 3.91 लाख रुपये बताई गई है।