भोपाल में 3.53 ग्राम स्मैक बेचते 2 युवक गिरफ्तार, 14 अपराध दर्ज वाला शातिर बदमाश भी चढ़ा हत्थे
आरोपियों के कब्जे से कुल 3.53 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। जब्त सामान की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
Publish Date: Fri, 18 Sep 2026 06:51:21 PM (IST)Updated Date: Fri, 18 Sep 2026 06:51:21 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो, एआई से तैयार की गई है।HighLights
- मेट्रो ब्रिज के पास स्मैक के साथ दो गिरफ्तार
- एमपी नगर जोन-1 में ग्राहक का कर रहे थे इंतजार
- भोपाल क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर पकड़ा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। एमपी नगर जोन-1 में मेट्रो ब्रिज के पास स्मैक बेचने की फिराक में ग्राहक का इंतजार कर रहे दो युवकों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3.53 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
जब्त मादक पदार्थ व अन्य सामान की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
ग्राहक का इंतजार करते धराए
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि मेट्रो ब्रिज के पास ग्राउंड में दो युवक स्मैक लेकर खड़े हैं। टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान कार्तिक राजपूत (28), निवासी हर्षवर्धन नगर और सूरज कुशवाह (21), निवासी आनंद नगर के रूप में हुई।
तलाशी में कार्तिक के पास रेडमी मोबाइल व स्मैक की पुड़िया, जबकि सूरज के पास वीवो मोबाइल और स्मैक मिली।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 3.53 ग्राम स्मैक जब्त की। कार्तिक के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और लूट के 14 मामले दर्ज हैं। इनमें एमपी नगर का लूट और अयोध्या नगर व रातीबड़ के नकबजनी के केस भी शामिल हैं।