
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के आसपास ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब बनाने व तस्करी करने की घटनाएं थम नहीं रही हैं। अब भी बेखौफ तस्कर खुलेआम हाथभट्टी स्थापित कर अवैध देशी शराब बना रहे हैं। यह खुलासा तब हुआ जब बुधवार को आबकारी टीम ने मौके पर पहुंचकर छापामार कार्रवाई की। तस्कर ने जमीन के अंदर भट्टी को स्थापित कर रखा था, जिसमें वह देशी शराब बनाने का अवैध कारोबार कर रहा था। टीम ने अवैध शराब बरामद कर चार प्रकरण दर्ज किए हैं।
जिला आबकारी कंट्रोलर वर्षा उइके ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी थी कि बैरसिया के रतुआ व मनीखेड़ी पठार में अवैध रूप से शराब बनाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि खेत में जमीन के अंदर हाथभट्टी स्थापित कर रखी थी, जिसमें बड़ी मात्रा में शराब बनाई जा रही थी।
मौके से टीम ने 30 लीटर शराब व 550 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया है। उन्होंने बताया कि चार प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी तरह करोंद इलाके में 132 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद किए गए मामले में फरार आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
बैरसिया के तरावली कला गांव के जंगलों में 22 सितंबर को भी आबकारी विभाग की टीम ने करीब 14,200 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब, 12 अवैध शराब की भट्टियां, 2 बॉयलर और 71 ड्रम जब्त किए थे। जांच में खुलासा हुआ था कि यहां अवैध शराब बनाने के साथ ही पॉलिथीन में भरकर सड़क किनारे चलते लोगों को खुलेआम बेचा भी जाता था। इस कार्रवाई के डेढ़ महीने बाद बैरसिया में तस्करों ने दोबारा से कारोबार शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें- त्विषा शर्मा मौत केस: पूर्व जज गिरिबाला सिंह को नहीं मिली जमानत, प्रताड़ना और CCTV फुटेज बने आधार