भोपाल: नगर निगम परिषद की बैठक आज, जलापूर्ति ठेके और अमृत-2.0 योजना के प्रस्ताव पर तकरार के आसार
कॉलोनियों में जलकर वसूली और जलापूर्ति के रखरखाव के लिए निजी एजेंसियों का पैनल बनाने, निगम मुख्यालय के सर्विस ब्लॉक को 10 साल की लीज पर देने तथा न्यू मार्केट के हाल को किराये पर उठाने के प्रस्तावों पर विपक्ष ऐतराज जता सकता है।
Publish Date: Sat, 24 Oct 2026 08:15:28 AM (IST)Updated Date: Sat, 24 Oct 2026 08:15:28 AM (IST)
नगर निगम कार्यालय, भोपाल। फाइल फोटो।HighLights
- 493.49 करोड़ रुपये जुटाने के प्रस्ताव पर चर्चा
- जलापूर्ति ठेके और किराये के प्रस्तावों पर विरोध के आसार
- आवास, पाइपलाइन और कचरा प्रसंस्करण के मुद्दे भी एजेंडे में
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । भोपाल नगर निगम परिषद की आईएसबीटी स्थित सभागार में शनिवार को होने वाली बैठक में जोरदार सियासी घमासान के आसार हैं। एजेंडे में शामिल 22 अहम प्रस्तावों को लेकर विपक्ष ने सत्तापक्ष को घेरने की पूरी रणनीति बना ली है।
सूत्रों के अनुसार बैठक में अमृत-2.0 योजना के लिए ग्रीन म्युनिसिपल बान्ड या वित्तीय संस्थानों से 493.49 करोड़ रुपये जुटाने और टेंडर की समय-सीमा बढ़ाने के प्रस्ताव पर चर्चा होगी।
पार्किंग को किराए पर देने का मुद्दा
साथ ही नए निगम मुख्यालय के सर्विस ब्लॉक को 10 साल के लिए लीज पर देने, कैफेटेरिया व न्यू मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग की चौथी मंजिल का हाल किराये पर उठाने जैसे फैसलों पर विपक्ष कड़ा ऐतराज जता सकता है।
नोकझोंक के आसार
इसके अलावा कॉलोनियों में जलकर वसूली व जलापूर्ति मेंटेनेंस के लिए निजी एजेंसियों का पैनल बनाने, राजेंद्र नगर में 768 नए आवास, कोलार पाइपलाइन शिफ्टिंग के अतिरिक्त खर्च और 48.22 करोड़ के कचरा प्रसंस्करण प्रस्तावों पर भी तीखी नोकझोंक होना तय माना जा रहा है।