व्हाट्सएप पर 'कौम की गद्दार' लिखने पर भोपाल में बवाल; ईरानी डेरे में किशोरी पर लाठी-रॉड से जानलेवा हमला
भोपाल के ईरानी डेरे में 17 वर्षीय तमन्ना अली को वाट्सएप पर कौम का गद्दार लिखने और आपत्तिजनक स्टेटस डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा था। कथित तौर पर तमन्ना, उसकी मां और भाभी पर हमला कर दिया। किशोरी के सिर में गंभीर चोट आई।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 09:34:01 AM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 09:35:28 AM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- आपत्तिजनक स्टेटस डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद
- 17 वर्षीय तमन्ना अली को वाट्सएप पर कौम का गद्दार लिखा
- पीड़िता उसकी मां और भाभी के साथ मारपीट की गई
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। छोला मंदिर थाना क्षेत्र स्थित ईरानी डेरे में एक किशोरी को वाट्सएप पर कौम की गद्दार लिखने पर विवाद हो गया। निशातपुरा के डेरे में रहने वाली जिस किशोरी के लिए वाट्सएप पर यह लिखा था, जब उसने लिखने वाली युवती को समझाया तो उसकी मां औप पति ने लाठी-डंडों और राड से हमला कर दिया। जिसमें किशोरी घायल हो गई। वहीं बीच-बचाव में आई मां और भाभी को भी चोट लगी है।
छोला पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक स्टेटस डाला
पुलिस के अनुसार करोंद के ईरानी डेरा निवासी तमन्ना अली (17) घर पर रहकर मां के साथ कामकाज में हाथ बंटाती है। भानपुरा ईरानी डेरा की बेनजीर कुछ दिनों से उसके खिलाफ व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक स्टेटस डाल रही थी, जिसमें तमन्ना को कौम का गद्दार बताने के साथ अन्य आपत्तिजनक शब्द लिखे थे। इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था।
समझौते की बात पर मारपीट
गुरूवार को तमन्ना मां फातिमा और भाभी मुस्कान के साथ ऑटो से भानपुरा पहुंची, जहां एक रिश्तेदार महिला ने विवाद खत्म कराने के लिए दोनों पक्षों को बुलाया था। रात करीब 11 बजे बेनजीर और उसके माता-पिता रेश्मा व हमीद वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों लाठी-डंडे और रॉड लेकर आए थे और तीनों महिलाओं पर टूट पड़े।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
तमन्ना के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि मां और भाभी भी घायल हो गईं। घायल किशोरी को अस्पताल पहुंचाया गया। तमन्ना की शिकायत पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज किया। हमीद को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि रेश्मा और बेनजीर की तलाश जारी है।