राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश के नगरीय निकायों में 1,134 करोड़ रुपये की सामग्री खरीदी में करीब 250 करोड़ रुपये की अनियमितता खुद उजागर कर अब नगरीय विकास एवं आवास विभाग लोकायुक्त संगठन को जानकारी देने से बच रहा है।
मामले में संगठन ने संज्ञान लेकर शिकायत पंजीबद्ध की है।
एक माह बाद भी नहीं दिया ब्योरा
जांच को आगे बढ़ाने के लिए संगठन ने आयुक्त नगरीय प्रशासन से निकायवार खरीदी का ब्योरा और अनियमितताओं से संबंधित जानकारी मांगी थी, लेकिन करीब एक माह बाद भी विभाग ने यह उपलब्ध नहीं कराई। संगठन की तरफ से विभाग को रिमाइंडर भेजे भी 10 दिन हो गए हैं। अब एक बार फिर भेजने की तैयारी है।
खरीदी में सामग्री की दरों में अंतर, बाजार मूल्य से अधिक कीमत पर सामान खरीदने और एक जैसी सामग्री के लिए अलग-अलग निकायों में अलग-अलग दरें चुकाने जैसी अनियमितता के आरोप हैं।
सामग्री खरीदी में घालमेल
उदाहरण के तौर पर एक निकाय ने करीब 2 लाख रुपये में कचरा वाहन खरीदा, जबकि दूसरे ने अतिरिक्त डस्टबिन जोड़कर उसी की कीमत 6 लाख रुपये तक पहुंचा दी।
एलईडी लाइट की कीमत कहीं 306 रुपये तो कहीं 11,800 रुपये तक चुकाई गई। मामले की जांच के लिए विभाग ने समिति गठित की है।
बता दें कि खरीदी में अनियमितता का मामला वर्ष 2023 से 2026 तक का है। ऑर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग करके विभाग ने पड़ताल कराई, जिसमें सामग्री के मूल्यों में काफी अंतर सामने आया।
यह बात विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने भोपाल के भौंरी स्थित सुंदरलाल पटवा राष्ट्रीय नगर प्रबंधन संस्थान केंद्र में आयोजित कार्यशाला में स्वयं उजागर की थी और कहा था कि कोई यह न समझे कि हमें कुछ पता नहीं है। एक-एक चीज पर नजर है।
लोकायुक्त की नजर में मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए लोकायुक्त संगठन ने प्रकरण हाथ में लिया और विभाग से जानकारी मांगी ताकि कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा सके। संगठन को आशा है कि विभाग अपनी जांच पूरी होने पर जानकारी साझा कर सकता है।
दस्तावेज मिलने पर जांच कर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर पंजीबद्ध हो सकती है। उधर, विभाग का दावा है कि 392 अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध इस मामले में कार्रवाई की जा चुकी है।
कब क्या हुआ
16-17 अप्रैल 2026 : भोपाल में शहरी सुधार कार्यशाला के दौरान एसीएस संजय दुबे ने नगरीय निकायों की खरीदी में दरों के भारी अंतर और संभावित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया।
22 अक्टूबर: बैठक का वीडियो इंटरनेट मीडिया में बहुप्रसारित हुआ।
25 अक्टूबर: लोकायुक्त संगठन ने संज्ञान लिया।
29 अक्टूबर: संगठन ने नगरीय प्रशासन आयुक्त से खरीदी की निकायवार जानकारी और संबंधित दस्तावेज मांगे।
10 नवंबर: लोकायुक्त में मामले की शिकायत पंजीबद्ध की।
18 नवंबर: विभाग को जानकारी उपलब्ध कराने के लिए रिमाइंडर भेजा गया।
इस मामले की जानकारी हम क्यों देंगे। जिसे भी जानकारी चाहिए वे संबंधित नगरीय निकायों से मांगें। संजय दुबे, एसीएस नगरीय विकास एवं आवास विभाग
हमने रिमाइंडर भेजा है। आशा है कि जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। नहीं मिली तो फिर रिमाइंडर भेजा जाएगा। इसके बाद भी नहीं मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार काम करेंगे।- योगेश देशमुख, महानिदेशक, विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त