
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। मक्सी रोड स्थित ग्राम सियापुरा में शनिवार रात एक बाइक सवार ने मुस्लिम धार्मिक स्थल को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ की। आरोपित ने मस्जिद पर पत्थर मारकर गेट का कांच फोड़ दिया। आरोप है कि चादर और गांव में लगे झंडों को जलाने की कोशिश भी की गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में समाजजन एकत्र हो गए। लोगों में घटना को लेकर आक्रोश था। सूचना पर बीएनपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से चर्चा कर उन्हें शांत कराया। मस्जिद कमेटी की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक आरोपित को हिरासत में ले लिया है।
गांव में पहुंची पुलिस को महुआ से बनने वाली अवैध शराब के अड्डों के बारे में भी लोगों ने शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने आधा दर्जन घरों में तलाशी ली। इस दौरान घरों व आसपास बड़ी मात्रा में महुआ लाहन रखा मिला, जिसे पुलिस ने नष्ट कर दिया।
यह भी पढ़ें- भोपाल में उधार दिया सामान मांगने पर दोस्त ने युवती को कार में पीटा, चलती गाड़ी से उतरकर भागी पीड़िता
बताया जा रहा है कि यहां भट्टियों के माध्यम से कच्ची शराब बनाई जा रही थी। कार्रवाई की भनक लगते ही कई लोग अपने घरों पर ताला लगाकर फरार हो गए। वहीं, कुछ लोगों ने पुलिस को देखकर घरों की छतों से शराब के ड्रम और कैन नीचे फेंक दिए।