
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल की हत्या के आरोपी वरुण कुमार को भोपाल पुलिस आगरा में से गिरफ्तार कर ला रही थी। इसी दौरान उसने मुगलिया छाप के पास भागने की कोशिश की तो पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर कर उसे पकड़ लिया है।
वह पुलिस से झूमाझटकी करने लगा और भागा तो उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को भोपाल के हमीदिया अस्पताल भर्ती किया गया है। भोपाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के मुताबिक घटना सुबह 5 बजे की बताई जा रही है। जब पुलिस टीम मुगलिया छाप के पास पहुंची थी तो आरोपी वरुण ने भागने की कोशिश की। रिटायर्ड आईएएस की हत्या के बाद से वो पुलिस को चकमा दे रहा था। वह मोबाइल फोन या अन्य किसी गैजेट का उपयोग भी नहीं करता था, जिसकी वहज से उसे पकड़ना बहुत मुश्किल हो रहा था।

रातीबड़ के सूरज नगर क्षेत्र में रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल (72) के यहां केयरटेकर वरूण कुमार 29-30 सितंबर की रात उनकी गला रेतकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने ब्लेड से गला काटने के बाद सोना-चांदी और अन्य कीमती सामान चुरा लिया था। इतना ही नहीं उसने घर को धमाके से उड़ाने की साजिश भी रची थी, भागने से पहले उसने किचन में चूल्हे के रेगुलेटर से गैस चालू कर उस पर प्रेस रख चालू कर दी थी। वह इसे हादसा दर्शाना चाह रहा था।
भागने के बाद उसके कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले। आरोपी के पास मोबाइल फोन नहीं था, इस वजह से उसकी लोकेशन पता करने में पुलिस को परेशानी आ रही थी। हत्या के बाद वो ट्रेन से आगरा पहुंचा था और रिटायर्ड आईएएस का मोबाइल अपने दोस्त को दे दिया था। भोपाल पुलिस की टीमें इसके बाद यहां के इलाकों में लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी रखा था।
यह भी पढ़ें- अलमारी की चाबी, खुला गैस सिलेंडर और ऑन प्रेस: पूर्व IAS मर्डर केस में केयरटेकर के 3 चक्रव्यूह