
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान मतदाता सूची से बाहर हुए 4.35 लाख मतदाताओं को ढूंढ़ने के लिए जिला निर्वाचन शाखा ने अभियान तेज कर दिया है। जिले के करीब 2900 (बूथ लेवल ऑफिसर) बीएलओ इन मतदाताओं की तलाश करेंगे। जिला निर्वाचन शाखा ने सभी बीएलओ को मतदाताओं की सूची सौंप दी है। अब वे घर-घर पहुंचकर सत्यापन करेंगे।
सूची में शामिल मतदाता के मिलने और पात्रता की पुष्टि होने पर उसका नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस काम के लिए 30 अक्टूबर तक की समयसीमा तय की गई है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक पांडेय ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव मांगे। प्रतिनिधियों ने कई क्षेत्रों में बीएलओ के घर-घर नहीं पहुंचने की शिकायत करते हुए लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मतदाता सूची में गलत नाम-पते सुधारने और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाने का सुझाव भी दिया।
दीपक पांडेय ने बताया कि पात्र मतदाता अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए फार्म-6 भरना होगा। अब इसमें वर्ष 2003 के मतदाता रिकार्ड की जानकारी देना अनिवार्य नहीं है। प्रशासन का उद्देश्य घर-घर सत्यापन के जरिए पात्र मतदाताओं की पहचान करना और उन्हें मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी करना है।
यह भी पढ़ें- भोपाल कफ सीरप फैक्ट्री कांड: 20 हजार का इनामी अभिषेक निगम पकड़ाया, STF ने देहरादून से दबोचा