भोपाल में आज से पानी सप्लाई पर संकट;15 हजार निगम कर्मचारियों की हड़ताल, सफाई व्यवस्था ठप
जलकार्य शाखा के कर्मचारियों ने शुक्रवार से पेयजल आपूर्ति बंद करने की चेतावनी दी है। शहर में 2.30 लाख से अधिक नल कनेक्शन हैं। कर्मचारी न्यूनतम 25 हजार रुपये वेतन, वेतन वृद्धि और सरकारी कर्मचारी का दर्जा मांग रहे हैं।
Publish Date: Fri, 06 Nov 2026 08:06:10 AM (IST)Updated Date: Fri, 06 Nov 2026 08:06:10 AM (IST)
नगर निगम के 21 जोन और 85 वार्डों में कार्यरत करीब 18 हजार कर्मचारियों में से 15 हजार हड़ताल पर हैं। नईदुनिया।HighLights
- 15 हजार कर्मचारियों ने बंद किया काम
- मुख्यालय में तालाबंदी, जरूरी सेवाएं प्रभावित
- आज से पानी की आपूर्ति बंद होने की आशंका
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दीपावली से पहले नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल से शहर की व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। सफाई से शुरू हुई हड़ताल अब निगम की लगभग सभी जरूरी सेवाओं तक पहुंच गई है। लगातार दूसरे दिन कचरा नहीं उठने से सड़कों, बाजारों और रहवासी इलाकों में गंदगी फैल गई। कई जगह हड़ताली कर्मचारियों ने डस्टबिन से कचरा सड़कों पर फैला दिया।
निगम की वैकल्पिक व्यवस्था को भी कर्मचारियों ने काम नहीं करने दिया। उधर, जलकार्य शाखा के कर्मचारियों ने शुक्रवार से पेयजल आपूर्ति बंद करने की चेतावनी दी है।
15 हजार ने काम किया बंद
नगर निगम के 21 जोन और 85 वार्डों में करीब 18 हजार कर्मचारी हैं। इनमें से 15 हजार ने काम बंद कर दिया है। हड़ताल में 14 हजार दैनिक वेतनभोगी और एक हजार आउटसोर्स कर्मचारी शामिल हैं। गुरुवार को कर्मचारियों ने निगम मुख्यालय की बिजली बंद कर ताला लगा दिया।
25 हजार वेतन की मांग
मुख्यालय की आठों मंजिलों पर कुर्सियां खाली रहीं। इसके चलते जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, फायर ब्रिगेड, जलप्रदाय, सीवेज और अतिक्रमण जैसी सेवाएं प्रभावित हुईं। कर्मचारी न्यूनतम 25 हजार रुपये वेतन, वेतन वृद्धि और सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं।
जल सप्लाई संकट के आसार
शुक्रवार से पानी की आपूर्ति भी प्रभावित होने की आशंका है। भोपाल में 2.30 लाख से अधिक नल कनेक्शन हैं। ऐसे में हड़ताल जारी रहने पर लाखों लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।
नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि एसीएस नगरीय प्रशासन और यूनियन पदाधिकारियों के बीच बातचीत सार्थक रही है। उम्मीद है कि हड़ताल समाप्त हो जाएगी।