एमपी में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, इस दिन से शुरू होगा बारिश का दौर, कई जिलों में अलर्ट
MP Weather 17th November: मध्य प्रदेश में नवंबर के तीसरे सप्ताह में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। कई हिस्सों में बादल छाने के साथ वर्षा का दौर शुरू होगा।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 09:05:37 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 09:05:37 PM (IST)
बंगाल की खाड़ी में गहरे अवदाब का असर।HighLights
- बंगाल की खाड़ी में गहरे अवदाब का असर
- 20 नवंबर से कई जिलों में बारिश के आसार
- दक्षिण-पूर्वी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में नवंबर के तीसरे सप्ताह में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुए गहरे अवदाब के असर से 20 नवंबर से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने के साथ वर्षा का दौर शुरू होगा। इससे पहले सोमवार को प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा और दिन के तापमान में हल्की बढ़त दर्ज की गई।
नर्मदापुरम में सबसे अधिक तापमान, दमोह में सबसे ठंडी रात
- मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान नर्मदापुरम में 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा खरगोन में 32.6, खंडवा और उज्जैन में 32.5 और मंडला में 32.2 डिग्री पारा रहा।
- राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री की बढ़त के साथ 31.4 और न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री की गिरावट के बाद 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इंदौर में भी दिन का पारा 31.4 और रात का तापमान 13.2 डिग्री रहा।
वहीं प्रदेश में सबसे ठंडी रात दमोह में रही, जहां न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन के समय सबसे कम अधिकतम तापमान बालाघाट जिले के मलाजखंड में 25.7 और नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा। 20 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी इलाकों में वर्षा के आसार
मौसम विज्ञानी वहीद खान ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब तेजी से पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसका प्रभाव प्रदेश पर 20 नवंबर से दिखना शुरू हो जाएगा।
इस दौरान दक्षिण-पूर्वी इलाकों में बादल छाएंगे और छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, उमरिया, अनूपपुर, शहडोल और पांढुर्णा आदि क्षेत्रों में हल्की वर्षा होने की संभावना है। 21 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।