
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में गीले कचरे के निपटान पर अब नगर निगम के करोड़ों रुपये खर्च होने के बजाय उल्टा खजाना भरेगा। शहर की स्वच्छता और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भोपाल नगर निगम ने रविवार को 400 टन प्रतिदिन (टीपीडी) क्षमता वाले बायो-सीएनजी (सीबीजी) प्लांट का टेंडर खोल दिया है।
करीब 128 करोड़ रुपये की लागत से पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) माडल पर तैयार होने वाले इस प्लांट से निगम को सालाना 12.5 करोड़ रुपये की रायल्टी मिलेगी। उपायुक्त चंचलेश गिरहरे ने बताया कि अभी प्लांट को लेकर एच वन के तहत राशि तय हुई है। एजेंसी के तय होने के बाद प्लांट का निर्माण कार्य शुरू होगा।
अब तक गीले कचरे की प्रोसेसिंग पर नगर निगम को हर साल भारी-भरकम बजट खर्च करना पड़ता था, लेकिन इस नई व्यवस्था से खर्च की यह मद अब बड़े राजस्व स्रोत में बदल जाएगी। अनुबंध के तहत, प्लांट का कमर्शियल आपरेशन शुरू होते ही पहले वर्ष से चयनित एजेंसी त्रैमासिक किस्तों में निगम को यह रायल्टी चुकाएगी। 21 वर्षों के लिए होने वाले इस करार से आदमपुर छावनी लैंडफिल साइट पर जमा हो रहे कचरे का दबाव घटेगा और आसपास के इलाकों में प्रदूषण से राहत मिलेगी।
इस आधुनिक प्लांट में प्रतिदिन 400 टन गीले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कर स्वच्छ बायोगैस (सीएनजी) और उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद तैयार की जाएगी। यह परियोजना केंद्र सरकार के गोबरधन मिशन को भी नई गति देगी। इस पहल से न केवल नगर निगम के करोड़ों रुपये की बचत होगी, बल्कि हरित ऊर्जा (ग्रीन एनर्जी) और वेस्ट-टू-वेल्थ के क्षेत्र में भोपाल देश के अग्रणी शहरों की कतार में शामिल हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- एमपी में 1 दिसंबर से शुरू होगी धान खरीदी, 1433 केंद्रों पर होगा उपार्जन; ₹2,441 क्विंटल मिलेगी कीमत