
नवदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। तलेन थाने के ग्राम इकलेरा में युवक नीरज शर्मा को गालियां देना गांव के सरपंच व रसूखदार भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रवण पाटीदार को महंगा साबित हुआ है। दो दिन की देरी के बाद अंततः तलेन थाना पुलिस ने श्रवण पाटीदार पर एफआइआर दर्ज कर ली है। उधर पार्टी ने भी श्रवण को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
उल्लेखनीय है कि ग्राम इकलेरा में नलजल योजना बंद है, जिसकी शिकायत नीरज शर्मा ने सीएम हेल्पलाइन पर की थी। लेकिन 14 अक्टूबर को जनपद के कर्मचारियों ने शिकायत को गलत बताते हुए नलजल योजना को चालू बताकर सीएम हेल्पलाइन पर झूठी रिपोर्ट देकर शिकायत को बंद करवा दिया था। इसके बाद नीरज शर्मा ने तलेन में मुख्यमंत्री जनविश्वास कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा को आवेदन देकर कहा था कि अधिकारियों ने सीएम हेल्पलाइन पर गलत जानकारी दी है।
हकीकत तो यह है कि नल-जल योजना बंद है। इस शिकायत के बाद भाजपा जिला उपाध्यक्ष व सरपंच श्रवण पाटीदार ने नीरज शर्मा को फोन लगाकर 22 अक्टूबर को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। जिसकी शिकायत नीरज ने तलेन थाने में की थी। इसके बाद 24 अक्टूबर रात 9.30 बजे श्रवण पर एफआइआर की है।
थाने में की एफआईआर में कहा कि फरियादी नीरज पिता दिनेशचंद शर्मा उम्र 47 साल निवासी ग्राम इकलेरा ने थाना तलेन में शिकायत दर्ज कराई है कि मैं इकलेरा में किराने की दुकान चलाता हूं। मैंने 16 अक्टूबर 2026 को जनसंवाद कार्यक्रम तलेन में कलेक्टर राजगढ़ को ग्राम इकलेरा में नलजल योजना चालू करवाने के संबंध में आवेदन दिया था। इसी बात को लेकर 22 अक्टूबर 2026 को सुबह 11:00 बजे गांव के सरपंच श्रवण कुमार पाटीदार पिता हुकूमसिंह पाटीदार द्वारा मेरे मोबाइल पर फोन लगाकर गालियां दी।
कहा कि तू कौन होता है नल जल योजना चालू करवाने वाला। मैंने बोला कि गांव में सारे नल बंद पड़े हैं। इसके संबंध में मैंने कलेक्टर साहब को आवेदन दिया था। तो श्रवण पाटीदार मुझसे बोला कि मैं 3 बजे घर आकर तेरे हाथ पैर तोड़ दूंगा और तुझे गोली मारकर जान से खत्म कर दूंगा। इस बात की रिकार्डिंग सबूत के तौर पर मेरे पास है, श्रवण पाटीदार के द्वारा पूर्व में भी मेरे छोटे भाई धीरज शर्मा को इसी प्रकार की धमकी दी गई थी।
उधर पूरे घटनाक्रम को लेकर भाजपा ने भी जिला उपाध्यक्ष श्रवण पाटीदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा है कि पहले भी एक पत्रकार के साथ विवाद का मामला सामने आया था। अब एक गालीगलौज करने का ऑडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा है।
आपके द्वारा लगातार मनमानी की जा रही है, जिसके कारण पार्टी की छवि खराब हो रही है। क्यों न आपके खिलाफ अनुशासनहीनता को लेकर कार्रवाई की जाए। तीन दिवस के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करें। अन्यथा एक तरफा कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- नीमच को मिले 68 नए डॉक्टर, मरीजों को उदयपुर-इंदौर के चक्करों से मिलेगी राहत, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किए आदेश
23 फरवरी को कालापीपल क्षेत्र के यूट्यूबर विश्वास चंद्रवंशी, धर्मेंद्र बामनिया एवं जितेंद्र नायक इकलेरा पहुंचे थे, जहां उन्होंने सरपंच व भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रवण पाटीदार को फोन लगाकर बात की। मिलने के दौरान उनके साथ सरपंच द्वारा मारपीट की। जिसका वीडियो वायरल हो गया था।
इस प्रकरण में विश्वास चंद्रवंशी की शिकायत पर पुलिस ने श्रवण पाटीदार व रामबाबू पर बुधवार को एफआईआर की थी। उस घटना के 08 माह बाद फिर से जिला उपाध्यक्ष पर अभद्रता को लेकर तलेन पुलिस ने एफआईआर की है।
मामला सामने आने के बाद हमने श्रवण पाटीदार को नोटिस जारी किया है। तीन दिवस के भीतर जवाब मांगा है। इसके बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।- ज्ञानसिंह गुर्जर, जिलाध्यक्ष भाजपा।