
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल देहात के गुनगा थाना क्षेत्र में पति के चांटा मारने का बदला पत्नी ने उसकी हत्या कर लिया। सिर पर लोहे की रॉड से तीन वार किए तो पति असंतुलित होकर करीब 30 फीट गहरे कुएं में जा गिरा। उसकी मौत के बाद पत्नी ने भाई और भांजे की मदद से शव कुएं से निकलवाया और करीब छह किलोमीटर दूर जंगल में फेंक दिया।
रिश्तेदारों को हादसे की कहानी सुनाई और दो दिन तक हत्या छिपाए रखी। सोमवार को शव का अंतिम संस्कार करने के लिए जंगल पहुंचे, लेकिन पुलिस को इसकी भनक लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपितों को पकड़ लिया। पूछताछ में पत्नी ने हत्या की बात कबूल कर ली। मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार हैं, जबकि एक फरार है।
रायसेन जिले के ग्राम चांदपुर निवासी रमेश बंजारा (35) पत्नी मीना बाई, साले लक्ष्मण और भांजे जगदीश के साथ कुआं खोदने का काम करता था। करीब 15 दिन पहले चारों गुनगा थाना क्षेत्र के ग्राम चंदेरी में भारत सिंह के खेत पर कुआं खोदने आए थे। वहीं कुएं के पास झुग्गी बनाकर रह रहे थे।
21 नवंबर की रात करीब 11 बजे रमेश शराब पीकर आया और पत्नी से विवाद करने लगा। मीना ने उसे घर में जाकर सोने को कहा, लेकिन रमेश ने उसे चांटा मार दिया। इससे गुस्साई मीना ने पास रखी ड्रिल मशीन की रॉड उठाकर उसके सिर पर तीन वार कर दिए। रमेश कुएं के किनारे खड़ा था। चोट लगने से वह सीधे कुएं में जा गिरा और उसकी मौत हो गई।
मीना ने बाजू की झुग्गी में सो रहे लक्ष्मण और जगदीश को रमेश के गायब होने की बात बताई। दोनों ने तलाश की तो रमेश कुएं में पड़ा मिला। कुएं में पानी महज तीन-चार फीट था, इसलिए शव दिखाई दे रहा था। इसके बाद मीना ने उन्हें सच्चाई बताई और तीनों ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
लक्ष्मण और जगदीश शव को बाइक पर बीच में रखकर करीब छह किलोमीटर दूर ग्राम बगोनिया में लाल तालाब के पास पुरा छिंदवाड़िया के जंगल में फेंक आए। खेत मालिक भारत सिंह को भी घटना की जानकारी थी, लेकिन उसने पुलिस को सूचना नहीं दी।
हत्या के बाद आरोपितों ने रमेश के लापता होने की कहानी बनाई। रिश्तेदारों के सामने हादसे में मौत होने की बात कही। दो दिन बाद उन्हें लगा कि मुख्य सड़क के किनारे शव फेंकने से पुलिस तक सूचना पहुंच सकती है। इसलिए शव को रायसेन स्थित गांव ले जाकर अंतिम संस्कार करने की तैयारी में थे।
सोमवार सुबह मीना, लक्ष्मण और जगदीश जंगल पहुंचे और शव उठाने लगे। इसी बीच परवलिया सड़क पुलिस को गोपनीय सूचना मिल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
शुरुआत में तीनों ने रमेश के गायब होने और घटना की जानकारी नहीं होने की बात कही। रिश्तेदारों को एक्सीडेंट की कहानी सुनाई गई थी, जबकि पुलिस के सामने बयान अलग थे। संदेह होने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। इसी दौरान भांजा जगदीश मौके से फरार हो गया। पोस्टमार्टम और पूछताछ के दौरान मीना टूट गई और उसने पति की हत्या की पूरी कहानी बता दी। दंपती का एक सात वर्षीय बेटा है।
परवलिया सड़क थाना प्रभारी हरिशंकर वर्मा ने बताया कि पत्नी मीना और उसके भाई लक्ष्मण को गिरफ्तार कर लिया गया है। खेत मालिक भारत सिंह को भी साक्ष्य छिपाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। फरार भांजे जगदीश की तलाश की जा रही है। हत्या और साक्ष्य छिपाने के मामले में केस दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें- ऐशबाग जनता क्वार्टर में बुलडोजर के बाद बेबसी का मंजर! ईंटें बीनते दिखे बेघर, खंडहर पर बैठ खाया खाना