
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गोविंदपुरा थाना क्षेत्र के बरखेड़ा पठानी में विवाहेत्तर संबंध के शक में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने खुद ही सूचना दी और पत्नी के जहर खाने से मौत होने की कहानी सुनाई। पुलिस ने संदेह के आधार पर जांच आगे बढ़ाई तो शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर पति ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। गोविंदपुरा टीआई अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि बरखेड़ा पठानी निवासी रेणु कुशवाह (33) की सोमवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। उसके पति योगेश कुशवाहा ने पुलिस को सूचना देते हुए बताया था कि वह काम की तलाश में घर से बाहर गया था। दोपहर में लौटने पर पत्नी मृत मिली और उसे शक है कि उसने जहर खा लिया है।
जांच में सामने आया कि योगेश और रेणु की शादी करीब 14 साल पहले हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। पुलिस पूछताछ में योगेश ने बताया कि पत्नी का एक युवक से प्रेम संबंध है। वह पहले भी उसके साथ जा चुकी थी और दोबारा उसके पास जाने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। सोमवार को भी इसी मुद्दे पर दोनों में झगड़ा हुआ। घर में उनका तीन वर्षीय बेटा भी मौजूद था। विवाद के दौरान दोनों के बीच झूमाझटकी हुई और योगेश ने रेणु का गला दबा दिया।
यह भी पढ़ें- भोपाल में खौफ का आधा घंटा: हिस्ट्रीशीटर ने 30 मिनट में दो जगह की ताबड़तोड़ फायरिंग, महिला पर भी चलाई गोली
उसकी मौत के बाद उसने घटना को खुदकुशी का रूप देने की कोशिश की और पुलिस को जहर खाने की सूचना दी। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसकी कहानी पर सवाल खड़े कर दिए। रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने योगेश से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।