भोपाल के छोला में दर्दनाक हादसा; मकान में आग लगने से महिला की जलकर मौत, खुदकुशी की आशंका
भोपाल के छोला थाना क्षेत्र स्थित शंकर नगर में रविवार रात एक मकान में आग लगने से रानी पंथी की झुलसकर मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Publish Date: Mon, 26 Oct 2026 11:50:34 AM (IST)Updated Date: Mon, 26 Oct 2026 11:50:34 AM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- घर में आग लगने से महिला की मौत
- पिता को देखने भोपाल आई थी महिला
- खुदकुशी की आशंका, पुलिस कर रही जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। छोला थाना क्षेत्र के शंकर नगर में रविवार रात एक मकान में आग लगने से महिला की जलकर मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर घटना में खुदकुशी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
पिता को देखने आई थी महिला
पुलिस के अनुसार रानी पंथी अशोकनगर की रहने वाली है और भोपाल में भी परिवार का एक घर है। उसके पिता इन दिनों भोपाल के एक अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें देखने के लिए रानी भोपाल आई थी। उसका पति संजू संतदेव करीला मेले में मौजूद था।
रविवार रात पिता को देखकर रानी छोला क्षेत्र के शंकर नगर स्थित अपने मकान पर पहुंची थी। एक कमरे के इस मकान में रात करीब आठ बजे आग लग गई।
अंदर से बंद था दरवाजा
पड़ोसियों ने घर से धुआं उठता देखा तो वे मदद के लिए पहुंचे। बताया जा रहा है कि घर के अंदर से कुंडी लगी थी। लोगों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। पड़ोसियों ने फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी। हालांकि, आग पर काबू पाने से पहले ही रानी की मौत हो गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग दुर्घटनावश लगी या महिला ने खुदकुशी की, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट हो सकेगा।- सरस्वती तिवारी, थाना प्रभारी, छोला