
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश के 55 जिलों में पुलिस अधीक्षक के अतिरिक्त रेंज डीआईजी और आईजी के पदों पर एक भी प्रमोटी महिला आईपीएस अधिकारी की पदस्थापना नहीं है। हालांकि, सीधी भर्ती की तीन महिला अधिकारी जिलों में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी निभा रही हैं, फील्ड में ऊपर के पदों पर भी हैं। उधर, कलेक्टर पदों को देखें तो 12 जिलों में महिला अधिकारियों को वर्तमान में जिम्मेदारी दी गई है, जिनमें छह प्रमोटी आइएएस हैं।
सागर रेंज की आइजी रहीं हिमानी खन्ना और शहडोल रेंज की डीआइजी सविता सोहाने की इसी वर्ष क्रमश: मार्च और अप्रैल में सेवानिवृत्ति के बाद मैदानी पदस्थापना में कोई प्रमोटी आइपीएस अधिकारी अब नहीं हैं। एक रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी का कहना है कि कई वर्षों बाद संभवत: ऐसा देखने को मिल रहा है जब मैदानी पदस्थापना में कोई प्रमोटी महिला अधिकारी नहीं है।
प्रमोटी आइपीएस अधिकारी किरणलता केरकेट्टा पुलिस मुख्यालय में शिकायत शाखा में डीआइजी हैं। श्रद्धा तिवारी को भोपाल में उप पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) की जिम्मेदारी दी गई है। रसना ठाकुर मानवाधिकार आयोग में पदस्थ हैं। उन्हें मऊगंज पुलिस अधीक्षक के पद से वहां पुलिस पर हमले के बाद हटाया गया था।
इसके अतिरिक्त इसी वर्ष जुलाई में आइपीएस संवर्ग में पदोन्नत सात अधिकारियों में सभी तीन महिलाओं को छोड़ बाकी की नई पदस्थापना कर दी गई है। ये सभी 1998 बैच के राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी हैं, जिन्हें आइपीएस का 2017 का बैच आवंटित किया गया है। इसमें मलय जैन को बालाघाट, सब्यसाची सराफ को पन्ना, समर वर्मा को आलीराजपुर और अमित सक्सेना को बैतूल का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इस बैच में तीन महिलाएं निमिषा पाठक, मनीषा पाठक सोनी और सुमन गुर्जर हैं, जिन्हें पदोन्नति के बाद नई पदस्थापना नहीं मिली है।
यह भी पढ़ें- MP में पुलिस थानों की संख्या बढ़कर 1176, इंदौर में खुलेंगे 3 नए थाने, स्वीकृत पदों में 2673 की बढ़ोतरी
पिछले वर्षों में राज्य पुलिस सेवा से आइपीएस संवर्ग में पदोन्नत सभी अधिकारियों को एक साथ पदस्थापना दी जाती थी। पहली बार है जब एक-एक कर पदस्थापना के आदेश गृह विभाग से निकाले गए।