
अनुज मैना, नवदुनिया, भोपाल। किसी समारोह या कार्यक्रम के आयोजन के लिए नगर निगम का गार्डन या आडिटोरियम बुक कराना है तो अब कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। नगर निगम भोपाल ने ई-नगर पालिका (ईएनपी 2.0) पोर्टल पर आडिटोरियम, सार्वजनिक मनोरंजन स्थलों और गार्डन की बुकिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू की है। इन सेवाओं को ऑनलाइन उपलब्ध कराने वाला भोपाल प्रदेश का पहला नगरीय निकाय बन गया है।
नई व्यवस्था के तहत नागरिक घर बैठे बुकिंग के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा रोड कटिंग की अनुमति, पानी के टैंकर, सेप्टिक टैंक और सीवरेज की सफाई, कचरा व मलबा उठवाने जैसी सेवाओं के लिए भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। पोर्टल पर अग्निशमन सेवा, मोबाइल टायलेट, शव वाहन, पेड़ काटने व परिवहन की अनुमति और फिल्मों की शूटिंग की अनुमति के लिए भी आवेदन की सुविधा दी गई है।
हालांकि, फिलहाल ये सेवाएं टेस्टिंग फेज में हैं। ऐसे में आवेदन ऑनलाइन किया जा सकेगा, लेकिन शुल्क का भुगतान पोर्टल से नहीं होगा। इसके लिए मौजूदा प्रक्रिया का पालन करना पड़ेगा। टेस्टिंग सफल होने के बाद सुविधाएं स्थायी रूप से पोर्टल पर शुरू होने के बाद ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी शुरू की जाएगी।
नगर निगम के गार्डन, ऑडिटोरियम और सार्वजनिक मनोरंजन स्थलों की बुकिंग के लिए नागरिकों को अब आवेदन जमा करने के लिए संबंधित कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा से प्रक्रिया आसान होने और समय बचने की उम्मीद है। हालांकि, पोर्टल पर बुकिंग की उपलब्ध तारीखों, शुल्क और आवेदन की मंजूरी से जुड़ी सुविधाओं का पूरा लाभ सिस्टम के प्रभावी संचालन के बाद ही स्पष्ट होगा।
यह भी पढ़ें- एमपी में शिक्षकों के लिए निकलेगी बंपर भर्ती, जल्द जारी होगा 20,000 पदों का ऑफिशियल नोटिफिकेशन
पोर्टल पर पेड़ काटने और रोड कटिंग की अनुमति भी ऑनलाइन मिल सकेगी। ऐसे में किसी काम के लिए सड़क की खोदाई और पेड़ों की कटाई-छंटाई व काटने के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इनकी अनुमति पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन की मिल सकेगी। इसके अलावा पानी का टैंकर बुलाना हो, सेप्टिक टैंक व सीवेज की सफाई करानी हो और कचरा-मलबा उठवाने इनके लिए भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा।
ई-नगर पालिका पोर्टल पर 11 नई सेवाएं शुरू की गई हैं। इससे नागरिकों को गार्डन, आडिटोरियम और सार्वजनिक मनोरंजन स्थलों की बुकिंग सहित अन्य सेवाओं के लिए आनलाइन आवेदन करने की सुविधा मिलेगी। फिलहाल सेवाएं टेस्टिंग फेज में हैं।- तन्मय वशिष्ठ शर्मा, अपर आयुक्त, नगर निगम