डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल में मिठास पर महंगाई का चाबुक चल गया है। शक्कर की बढ़ती कीमतों ने ना सिर्फ आम आदमी की रसोई का गणित बिगाड़ा है, बल्कि आपकी सुबह की कड़क चाय और कॉफी का जायका भी कड़वा कर दिया है।
आलम यह है कि शहर के बड़े रिटेल स्टोर्स में शक्कर 'राशन' की तरह सीमित (5-10 किलो) दी जा रही है, तो दूसरी तरफ कैफे और चाय सेंटरों ने जेब पर 20% अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।
थोक बाजार में राहत: 2 रुपये घटे भाव
पर्याप्त स्टॉक: खुदरा बाजार में सीमित बिक्री के बीच थोक बाजार से राहत की खबर है। थोक व्यापारी गोपाल बाहेती के अनुसार, बाजार में शक्कर का स्टॉक कम नहीं हुआ है।
कीमतों में गिरावट: थोक कीमतों में पिछले दिनों की तुलना में करीब 2 रुपये प्रति किलो की गिरावट आई है। थोक व्यापारियों का कहना है कि मौजूदा स्थिति को स्टॉक की कमी से जोड़ना जल्दबाजी होगी।
भोपाल में 2 हजार क्विंटल दैनिक खपत
भोपाल में रोजाना करीब 2 हजार क्विंटल (2 लाख किलो) शक्कर की खपत होती है। इसमें घरेलू इस्तेमाल के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट, कैफेटेरिया, मिठाई दुकानें, बेकरी और चाय-कॉफी का कारोबार शामिल है।
शक्कर महंगी होने से इन सभी उद्योगों की उत्पादन लागत बढ़ गई है।
कम कीमत पर बिक्री की जांच की मांग
भोपाल किराना व्यापारी महासंघ के पदाधिकारियों ने बाजार भाव से कम कीमत पर शक्कर बेच रही बड़ी रिटेल और ऑनलाइन कंपनियों के स्टॉक, खरीद स्रोत और लागत की जांच की मांग की है।
उनका कहना है कि यदि कम कीमत प्रमोशनल रणनीति है, तो इसकी पारदर्शी जानकारी सामने आनी चाहिए ताकि छोटे किराना व्यापारियों और उपभोक्ताओं के हित सुरक्षित रहें।
शक्कर के दामों का कहां-कहां असर
घरेलू बाजार: खुदरा में खरीद सीमित होने से उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ी।
चाय-कॉफी/कैफे: लागत बढ़ने से कई कैफेटेरिया में कप की कीमतें 20% तक बढ़ीं।
मिठाई एवं बेकरी: कच्चा माल महंगा होने से उत्पाद महंगे होने की आशंका।
थोक बाजार: स्टॉक पर्याप्त, थोक भाव में 2 रुपये प्रति किलो की नरमी।