
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शिकार की तलाश में निकला एक नौजवान तेंदुआ मंगलवार रात बैरसिया के सागोनी जोरा गांव में किसान करण सिंह के खेत स्थित कुएं में जा गिरा। रातभर कुएं में फंसे रहने के बावजूद गनीमत रही कि तेंदुआ घायल नहीं हुआ।
बुधवार सुबह किसान खेत पर पहुंचे तो कुएं के अंदर तेंदुए को देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। देखते ही देखते आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। इसके बाद वन विहार की रेस्क्यू टीम ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
किसान की सूचना पर डीएफओ लोकप्रिय भारती, वन विहार की सहायक संचालक रूही हक, वन परिक्षेत्र अधिकारी मनीष शर्मा और वन विहार की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने स्थानीय अमले के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से रेस्क्यू शुरू किया। वन विहार की सहायक संचालक रूही हक ने बताया कि तेंदुए के कुएं में गिरने की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम के साथ मैं भी रवाना हो गई थी।
स्थानीय टीम को मोटर से कुएं का पानी निकालने के निर्देश दिए गए थे। पानी कम होने पर कुएं के अंदर बनी मुंडेर बाहर आ गई, जिस पर तेंदुआ सुरक्षित बैठ सका। इसके बाद पलंग डालकर अतिरिक्त सुरक्षा की गई और पिंजरे की मदद से उसे आसानी से बाहर निकाल लिया गया। पूरी कार्रवाई में करीब पांच घंटे लगे। तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ है। उसे वन विहार लाया गया है, जहां कुछ दिन निगरानी और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद प्राकृतिक आवास यानी जंगल में छोड़ने की तैयारी की जाएगी।
मौके पर मौजूद सतपुड़ा बायोडायवर्सिटी कंजर्वेशन सोसाइटी के अध्यक्ष और पर्यावरण कार्यकर्ता आदिल खान ने बताया कि तेंदुए को देखने के लिए आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए थे। खास बात यह रही कि तेंदुआ आसपास के ग्रामीणों के बीच मौजूद था, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह इंसानों के बीच पला-बढ़ा नहीं, बल्कि जंगल में रहकर प्राकृतिक रूप से शिकार करने वाला वन्यजीव है।
पिंजरा कुएं में उतारने के बाद उसके अंदर अंधेरा देखकर तेंदुआ खुद ही उसमें चला गया। तेंदुए का जल्द से जल्द स्वास्थ्य परीक्षण कर उसे प्राकृतिक जंगल में छोड़ा जाना चाहिए। उसे लंबे समय तक कैद में रखने या मानव संपर्क में रहने से उसकी स्वाभाविक प्रवृत्ति प्रभावित हो सकती है। साथ ही उसे भैंस या अन्य पालतू पशुओं का मांस खाने की आदत पड़ने से बचाना जरूरी है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में स्मैक तस्कर गिरफ्तार... सिगरेट की डिब्बियों में छिपाकर लाया था नशा, 7.95 ग्राम स्मैक जब्त