नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार दोपहर बदमाशों ने कानून को खुली चुनौती दे डाली। कोर्ट पेशी से लौट रहे 19 वर्षीय युवक को दो बदमाशों ने दोस्तों के सामने मारपीट कर जबरन अगवा कर लिया। इसके बाद उसे सेमरा मंडी के पास एक कॉलोनी में ले जाकर तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर बुरी तरह पीटा और जेब में रखे 8500 रुपये लूट लिए।
अशोका गार्डन पुलिस ने पांचों आरोपियों के विरुद्ध मारपीट, अपहरण और लूट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित युवक ने आरोपियों के विरुद्ध 25 दिन पहले मारपीट का केस दर्ज करवाया था, जिसके बाद बदमाशों ने ये वारदात की है।
दोस्तों से बात कर रहा था, तभी टूट पड़े बदमाश
पुलिस के अनुसार सेमराकलां निवासी अंकित गिरी गोस्वामी (19) निजी काम करता है। गुरुवार को वह मारपीट के एक पुराने मामले में कोर्ट पेशी के लिए गया था।
वहां से बाइक टैक्सी के जरिए घर लौटते समय दोपहर करीब साढ़े तीन बजे औद्योगिक क्षेत्र स्थित इमली माता मंदिर के पास उसे दोस्त कार्तिक और अन्ना मिल गए।
वह उनसे बात कर ही रहा था कि स्कूटी पर अभिषेक शर्मा और मोहित पवार पहुंचे और उससे मारपीट शुरू कर दी।
दोस्त देखते रहे, बदमाश उठा ले गए
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी अंकित को उसके दोस्तों की मौजूदगी में ही जबरन स्कूटी पर बैठाकर ले गए। दोनों उसे स्टेशन बजरिया क्षेत्र में सेमरा मंडी के पास स्थित अनुपम कस्तूरी कालोनी ले पहुंचे।
अंकित ने पुलिस को बताया कि कॉलोनी पहुंचने के बाद अभिषेक और मोहित ने अपने साथी विशाल, मोहित नाथ और नमन को भी बुला लिया। इसके बाद पांचों ने मिलकर उसे पीटा और वकील को देने के लिए जेब में रखे 8500 रुपये लूट लिए। वारदात के बाद अंकित ने पुलिस से शिकायत की।
25 दिन पहले दर्ज हुआ था केस
थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि अंकित और आरोपी पक्ष के बीच पुराना विवाद चल रहा है। करीब 25 दिन पहले आरोपी पक्ष ने अंकित और उसके दो साथियों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कराया था। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांचों आरोपियों अभिषेक शर्मा, मोहित पवार, विशाल, मोहित नाथ और नमन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। उनकी तलाश की जा रही है।