
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पत्नी की डिलीवरी के लिए भोपाल आए एक युवक ने रविवार शाम जहर खा लिया। इसके बाद उसने अपनी सास को फोन कर कहा कि उसने जहर खा लिया है और उसे लेने के लिए माता मंदिर के पास आने को कहा। सास उसे लेकर हमीदिया अस्पताल पहुंचीं, जहां इलाज के दौरान सोमवार रात उसकी मौत हो गई।
टीटीनगर पुलिस के अनुसार मृतक शुभम कुशवाहा मूलत: आष्टा का रहने वाला था और खेती-किसानी करता था। रोशनपुरा चौराहे के पास कठपुतली मोहल्ले में रहने वाली युवती से उसने करीब पांच साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों की तीन बच्चियां हैं, जिसमें पिछले दिनों ही पत्नी ने तीसरी बेटी को जन्म दिया है। यहां वह किराये से रह रहा था।
यह भी पढ़ें- कोरबा में मां की ममता तार-तार... अस्पताल के NICU में भर्ती था बेटा, बाहर फंदे पर झूलती मिली प्रसूता
बताया गया है कि युवक शराब पीने का आदी था। रविवार शाम वह घर से निकला था। कुछ देर बाद उसने सास को फोन कर जहर खाने की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि अस्पताल से सूचना नहीं मिलने के कारण समय पर उसके बयान दर्ज नहीं हो सके। खुदकुशी के कारणों का अभी पता नहीं चला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।