भोपाल में 3.10 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ युवक गिरफ्तार, उज्जैन से लाने का खुलासा
भोपाल क्राइम ब्रांच ने एमपी नगर जोन-1 में एलआईसी ऑफिस के सामने खाली मैदान से मोनिस कुरैशी (26) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 3.10 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 08:29:52 AM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 08:29:52 AM (IST)
आरोपी- मोनिस कुरैशी निवासी मकान नंबर 35, छोटी मस्जिद के पास, जिंसी चौराहा, जहांगीराबाद, भोपालHighLights
- एमपी नगर से ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार
- उज्जैन से खेप लाने का खुलासा
- 3.10 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। क्राइम ब्रांच की टीम ने एमपी नगर जोन-1 क्षेत्र से एक युवक को अवैध मादक पदार्थ एमडी (मेफेड्रोन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 3.10 ग्राम एमडी बरामद की गई है।पूछताछ में मादक पदार्थ उज्जैन से लाने का खुलासा हुआ है, वहीं पुलिस आरोपित के मोबाइल की कॉल डिटेल और वाट्सएप चैट के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है।
ग्राहक का इंतजार करते दबोचा
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि एमपी नगर जोन-1 स्थित एलआईसी ऑफिस के सामने और शिव मंदिर के पीछे बने खाली मैदान में एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा है। सूचना के मुताबिक, वह अवैध मादक पदार्थ एमडी बेचने के उद्देश्य से ग्राहक का इंतजार कर रहा था।
जानकारी की पुष्टि के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर दबिश दी और दूर से निगरानी रखते हुए घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया।
पन्नी में रखा सफेद क्रिस्टलनुमा पदार्थ मिला
पूछताछ में आरोपित की पहचान मोनिस कुरैशी (उम्र 26 वर्ष), निवासी मकान नंबर 35, छोटी मस्जिद के पास, जिंसी चौराहा, जहांगीराबाद, भोपाल के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार,आरोपित दसवीं पास है और निजी काम करता है।
तलाशी के दौरान उसकी जेब से पारदर्शी प्लास्टिक पन्नी में रखा सफेद क्रिस्टलनुमा पदार्थ मिला, जिसका वजन 3.10 ग्राम पाया गया। क्राइम ब्रांच ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
थम नहीं रही तस्करी
राजधानी में लगातार सामने आ रहे मादक पदार्थ तस्करी के मामलों और पुलिस की ताबड़तोड़ धरपकड़ के बावजूद नशे की खेप पहुंचने का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। इसी माह में यह पांचवां मौका है, जब क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स को लेकर कार्रवाई करते हुए तस्करों का भंडाफोड़ किया है।
लगातार हो रही इन घटनाओं के चलते भोपाल में नशे के बढ़ते नेटवर्क को लेकर चिंता गहराती जा रही है, जबकि पुलिस का कहना है कि आगे की कड़ी जोड़ने के लिए डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच जारी है।