भोपाल में सनसनीखेज वारदात; रॉयल मार्केट तिराहे पर डंडों और चाकुओं से हमलाकर युवक की हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार
भोपाल के रॉयल मार्केट तिराहे पर 17-18 अक्टूबर की दरमियानी रात 26 वर्षीय इब्राहिम उर्फ आलीन बच्चा पर हमला किया गया। पुलिस के अनुसार, फाइनेंस वाहन की रिकवरी को लेकर उसका कुछ लोगों से विवाद चल रहा था।
Publish Date: Mon, 26 Oct 2026 01:55:27 PM (IST)Updated Date: Mon, 26 Oct 2026 01:55:27 PM (IST)
रॉयल मार्केट तिराहे पर युवक को सरेराह डंडों से पीटता हुआ आरोपी। वीडियोग्रेबHighLights
- फाइनेंस गाड़ी की रिकवरी को लेकर विवाद
- पाइप, चाकू और डंडों से हमला, इलाज के दौरान मौत
- तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रॉयल मार्केट तिराहे पर सरेराह डंडों से पीट-पीटकर बदमाशों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपितों का युवक से फाइनेंस गाड़ियों की रिकवरी का विवाद था। 17-18 अक्टूबर की दरमियानी रात रॉयल मार्केट तिराहे पर युवक उन्हें दोस्त के साथ दिखा तो उन्होंने पहले पाईप और चाकू से पैर पर हमला किया और फिर डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया था और मौके से भाग निकले थे।
सप्ताहभर इलाज के बाद हमीदिया अस्पताल में रविवार रात को दम तोड़ दिया। मामले में शाहजहांनाबाद पुलिस ने तब हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था। हालांकि एक आरोपित अब भी फरार है।
फाइनेंस रिकवरी का विवाद
पुलिस के अनुसार, नूरमहल रोड निवासी 26 वर्षीय इब्राहिम उर्फ आलीन बच्चा फाइनेंस वाहनों की रिकवरी का काम करता था। हनुमानगंज के कबाड़खाना क्षेत्र में रहने वाले दानिश और उमर भी इसी काम में थे।
करीब एक महीने पहले पुराने भोपाल में जिस कार की रिकवरी उमर और दानिश को करनी थी, उसे आलीन ने रिकवर कर लिया था। इसी बात पर उनके बीच विवाद चल रहा था।
अचानक किया हमला
17-18 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे आलीन अपने दोस्त समीर के साथ रॉयल मार्केट स्थित एसबीएस अस्पताल के पास काफी हाउस पहुंचा था। तभी ऑटो से उमर उर्फ ट्रैक्टर, जैद और उनके साथी वहां पहुंचे। आरोपितों ने आलीन को घेरकर हमला कर दिया।
आरोप है कि जैद ने उसके बाएं पैर और पेट पर चाकू से वार किए, जबकि अन्य ने पाइप और डंडों से पीटा। समीर ने बीच-बचाव किया तो उस पर भी हमला कर पैर और पीठ में चोट पहुंचाई गई। आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर आलीन को बचाया। इसके बाद हमलावर भाग निकले।
अस्पताल में तोड़ा दम
घायल आलीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने के कारण उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी उमेश पाल सिंह चौहान ने बताया कि तीन आरोपित गिरफ्तार हैं। मौत के बाद प्रकरण में धाराएं बढ़ाई जाएंगी और फरार आरोपित की तलाश में दबिश दी जा रही है।
सवाल: देर रात तक खुली दुकानें, मौके पर पुलिस क्यों नहीं?
रॉयल मार्केट जैसे व्यस्त इलाके में आधी रात हुई इस वारदात ने देर रात की निगरानी और पुलिस की मौजूदगी पर सवाल खड़े किए हैं। वहां पुलिस समय पर दुकानें बंद नहीं करवाती है, जिसके परिणाम स्वरूप हत्या की सरेराह वारदात हुई है।