राज्यरानी एक्सप्रेस ट्रेन की छत पर चढ़ा युवक; हाईवोल्टेज तार छूते ही झुलसा, भोपाल में इलाज जारी
भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर मंगलवार सुबह करीब 11 बजे युवक ट्रेन की छत पर पहुंच गया। ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन का तार पकड़ने से युवक झुलसकर नीचे गिर पड़ा।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 08:11:00 AM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 08:12:56 AM (IST)
आरपीएफ जवानों ने रेलवे एंबुलेंस से युवक को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। सौ- रेलवेHighLights
- भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 पर हादसा
- राज्यरानी एक्सप्रेस की छत पर चढ़ा युवक
- ओएचई तार पकड़ते ही लगा करंट, अस्पताल में भर्ती
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के भोपाल रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह एक युवक राज्यरानी एक्सप्रेस की छत पर चढ़ गया और ऊपर से गुजर रही ओएचई लाइन के तार को पकड़ लिया। करंट का तेज झटका लगने से युवक नीचे गिर गया और झुलसकर घायल हो गया।
आरपीएफ जवानों ने तत्काल रेलवे एंबुलेंस की मदद से उसे हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद उसकी स्थिति ठीक बताई जा रही है।
प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे प्लेटफार्म नंबर दो पर राज्यरानी एक्सप्रेस खड़ी थी। ट्रेन से अधिकांश यात्री उतर चुके थे, जबकि कुछ यात्री उतर रहे थे। इसी दौरान युवक प्लेटफार्म से रैंप के रास्ते ऊपर चढ़ा और ट्रेन की छत पर पहुंच गया। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान कुछ समझ पाते, इससे पहले ही युवक ने ओएचई लाइन का तार पकड़ लिया। करंट लगने से वह झुलसकर नीचे गिर पड़ा।
दिमागी रूप से बीमार है युवक
आरपीएफ जवानों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया। युवक की पहचान नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है। वह अपना नाम, पता और स्टेशन तक पहुंचने के बारे में जानकारी नहीं दे पा रहा है।