
नईदुनिया न्यूज, नेपानगर (बुरहानपुर)। नगर की सड़कों और गलियों में बेसहारा श्वानों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। राह चलते लोगों पर अचानक झपट्टा मारकर उन्हें घायल करने की घटनाएं सामने आ रही हैं।सरकारी आंकड़ों के अनुसार बीते तीन माह में श्वानों के हमले में 54 लोग घायल हो चुके हैं, जबकि केवल सितंबर में अब तक 19 डॉग बाइट के मामले सामने आए हैं।
यानी इस माह औसतन लगभग रोजाना एक व्यक्ति श्वानों के हमले का शिकार हो रहा है। बीते एक सप्ताह में ही पांच से अधिक लोगों को श्वानों ने काटकर घायल किया है। इनमें छोटे बच्चों से लेकर युवा और बुजुर्ग तक शामिल हैं।
नगरवासियों का कहना है कि कई इलाकों में श्वानों के झुंड सड़कों पर घूमते रहते हैं।इनके अचानक पीछे दौड़ने से बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ रहा है और दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। दूसरी ओर सड़कों पर बैठे मवेशियों के कारण समस्या और गंभीर हो जाती है। शिकायतों के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
गत गुरुवार को बुधवारा बाजार क्षेत्र में आठ वर्षीय बच्चे पर बेसहारा श्वानों ने हमला कर दिया। श्वान के दांत पैर में लगने से बच्चा घायल हो गया। उसे तत्काल नेपानगर के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए बुरहानपुर भेजा गया। मंगलवार को मनोज टाकीज के पास भी कुछ लोगों और बच्चों पर श्वानों के हमला करने की बात सामने आई।
वेलफेयर सेंटर, भवानी नगर, सात नंबर गेट, मनोज टॉकीज चौराहा, बीड कॉलोनी और पांधार क्षेत्र में श्वानों के झुंड अक्सर दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह-शाम इन क्षेत्रों से गुजरना खासकर बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए परेशानी भरा हो गया है। श्वानों के पीछे दौड़ने से कई बार वाहन चालक अचानक ब्रेक लगाने को मजबूर होते हैं।
शासकीय अस्पताल के डॉ. महेश चौहान ने बताया कि श्वान के काटने के मरीज रोजाना अस्पताल पहुंच रहे हैं। मरीजों को आवश्यक उपचार के साथ एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाया जा रहा है। उनके अनुसार पिछले तीन माह में 54 लोग श्वानों के हमले में घायल हुए हैं।
लगातार बढ़ रही घटनाओं के बाद नगरवासियों ने नगरपालिका से बेसहारा श्वानों को लेकर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि केवल शिकायत दर्ज करने या कार्रवाई का आश्वासन देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। प्रभारी सीएमओ विजय कुशवाहा ने बताया कि मामले को दिखवाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- भोपाल में बच्ची के हाथ का मांस नोंच ले गया आवारा श्वान, वार्ड 78 करोंद में घटना