
नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर। शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना तथा शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर कलेक्टर हर्ष सिंह ने 10 परिवीक्षाधीन पटवारियों की सेवा समाप्त कर दी है। साथ ही पांच अन्य पटवारियों को निलंबित कर दिया है।
उन्होंने बताया कि एसडीएम द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार स्वामित्व योजना, अधिकार अभिलेखों का निर्माण, किसान फार्मर आईडी, ई-केवाईसी तथा अन्य निर्धारित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे।निर्देशों के पालन के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा समय-समय पर स्पष्ट दिशा निर्देश भी दिए गए।
इसके बावजूद संबंधित पटवारियों द्वारा निर्धारित शासकीय कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं की गई। जिसके चलते बुरहानपुर तहसील के परिवीक्षाधीन पटवारी अमित चौरसिया, महिमा थड्डानी को सेवा से अलग करने की कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़ें- MP में 17 जिलों के 82 ग्रामीणों को मिला अपनी ही जमीन का मालिकाना हक, 'सारा एप और संपदा 2.0 से पारदर्शी हुई प्रक्रिया
इसके अलावा विशाल रघुवंशी, अभय भट्ट, शिवम गुप्ता तथा नेपानगर तहसील के अजय पवार, नीतू सिंह तोमर, रूद्र प्रताप सिंह, सतीष शर्मा, राहुल लोधी को सेवा से पृथक करने की कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही कलेक्टर ने पांच पटवारियों पर निलंबन की कार्रवाई की है। उन्होंने संबंधित पटवारियों से तत्काल बस्ते जमा कराने के निर्देश दिए हैं।