बुरहानपुर में इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर मौत बनकर दौड़ा कंटेनर, दो बाइक सवारों की मौत, एक गंभीर
इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर ग्राम झिरी स्थित नवल सिंह सहकारी शकर कारखाने के मुख्य गेट के पास शनिवार रात तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 04 Oct 2026 05:18:53 PM (IST)Updated Date: Sun, 04 Oct 2026 05:18:53 PM (IST)
बुरहानपुर में इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर हुआ हादसा। -नईदुनियाHighLights
- इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर झिरी में हुआ हादसा
- बाइक को घसीटते हुए फरार हुआ ड्राइवर
- हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई
नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर : इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर ग्राम झिरी स्थित नवल सिंह सहकारी शकर कारखाने के मुख्य गेट के पास शनिवार रात तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को डॉयल 112 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद देर रात उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए खंडवा रेफर कर दिया गया। घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। निंबोला थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 9:45 बजे खंडवा की ओर से बुरहानपुर की तरफ तेज गति से आ रहे कंटेनर ने सामने से आ रही बाइक क्रमांक एमपी 68 जेडए 1984 को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर तीन युवक सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद कंटेनर करीब 20 फीट तक बाइक सवारों को रगड़ते हुए आगे निकल गया। हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
तीनों युवकों की पहचान की पुष्टि नहीं
प्रत्यक्षदर्शियों ने तीनों युवकों के ग्राम नसीराबाद के चमरा टांडा निवासी होने की जानकारी दी है। हालांकि पुलिस ने अभी उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। तीनों की उम्र करीब 16 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है। रविवार को बुरहानपुर जिला अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा था, जिसके चलते नामों की पुष्टि नहीं हो सकी। गंभीर घायल युवक की पहचान जितेंद्र पिता लालसिंह निवासी बोरसल टांडा के रूप में बताई गई है। उसे उपचार के लिए खंडवा रेफर किया गया है।
हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। युवकों की जेब में रखे मोबाइल फोन भी टूट गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस फरार कंटेनर और उसके चालक की तलाश कर रही है। निंबोला थाना पुलिस ने हादसे के कारणों और मृतकों की पहचान को लेकर जांच शुरू कर दी है।